बीकानेर Abhayindia.com नगर निगम चुनावों से पहले वार्डों के सीमांकन और मतदाता सूचियों में कथित छेड़छाड़ को लेकर विवाद शुरू हो गया है। कांग्रेस नेता एवं समाजसेवी गुलाम मुस्तफा (बाबू भाई) ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी, बीकानेर नगर निगम चुनाव को पत्र लिखकर जांच और कार्रवाई पर रोक की मांग की है।
कांग्रेस नेता ने पत्र में आरोप लगाया गया है कि वार्डों के घोषित सीमा क्षेत्र में मतदाताओं की स्थिति को जानबूझकर नियमों के विरुद्ध परिवर्तन करने की कोशिश की जा रही है। निर्वाचन कार्यालय द्वारा नई मतदाता सूचियां भी उपलब्ध करा दी गई हैं और वार्डों की लॉटरी के अनुसार इच्छुक प्रत्याशियों द्वारा जनसम्पर्क शुरू कर दिया गया है। कांग्रेस नेता ने विशेष रूप से वार्ड 66 का हवाला दिया है। उन्होंने बताया कि 22/08/2026 को वार्ड संख्या 66 (सामान्य महिला), कुल मतदाता 4700 है। बी.एल.ओ. और सुपरवाइजर द्वारा घोषित सीमांकन में बदलाव कर आरक्षित वार्ड 77 में (कुल मतदाता 8000) है। वार्ड 66 से 77 में जोड़ने के लिए कार्यवाही शुरू की गई, जो कि पूर्णतः पक्षपातपूर्ण है। आरोप है कि ऐसा अन्य वार्डों में भी किये जाने की संभावना है। अधिकांश मुस्लिम बहुल मोहल्ले के मतदाताओं को इधर-उधर किया जा रहा है। वार्ड 52 में भी 23/08/2026 को ऐसा ही हुआ है। गुलाम मुस्तफा ने मांग की है कि उक्त प्रकरण की जांच कराई जाए एवं घोषित सीमांकन में संशोधन किये जाने की प्रक्रिया पर तुरंत रोक लगाई जाए।















