Hometrendingबीकानेर नगर निगम चुनाव : “प्रशिक्षण” के नाम पर दोनों दलों के...

बीकानेर नगर निगम चुनाव : “प्रशिक्षण” के नाम पर दोनों दलों के प्रत्‍याशी बाड़ेबंदी में, निर्दलीयों पर टिकी नजरें, बदल सकती है लोकेशन

AdAdAdAdAdAd

बीकानेर Abhayindia.com नगर निगम चुनाव का मतदान खत्म होते ही बीकानेर में अब ‘ऑपरेशन बोर्ड’ शुरू हो गया है। मतगणना से पहले ही भाजपा और कांग्रेस ने “राजनीतिक प्रशिक्षण” के नाम पर अपने-अपने प्रत्याशियों को सुरक्षित ठिकानों पर शिफ्ट कर दिया है।

कांग्रेस ने जहां अपने सभी प्रत्याशियों को बीकानेर में ही चांद रतन पैलेस में साध रखा है। अंदर पूर्व मंत्री डॉ. बीडी कल्ला, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल और पूर्व अध्यक्ष यशपाल गहलोत जोड़-तोड़ में लगे हैं।वहीं, भाजपा अपने प्रत्याशियों को बीकानेर से निकालकर जोधपुर स्थित एक आलीशान रिसॉर्ट में ले गई है। वहां बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास और शहर अध्यक्ष सुमन छाजेड़ बागडोर संभाले हुए हैं। वरिष्ठ नेता गोपाल गहलोत बीकानेर में ही रहकर निर्दलीयों को साध रहे हैं। बीकानेर संभाग प्रभारी राजेंद्र गहलोत पूरी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक होटल, रिसोर्ट और फार्म हाउस में खान-पान से लेकर मनोरंजन तक की पूरी व्यवस्था है। ज्यादातर जगह प्रत्याशियों के फोन बंद करा दिए गए हैं।

लोकेशन लीक, अब बदलेगी जगह?

सबसे बड़ी बात ये है कि दोनों ही दलों की किलेबंदी की लोकेशन लीक हो गई है। कांग्रेस की चांद रतन पैलेस और भाजपा की जोधपुर वाली लोकेशन लीक होने के बाद अब संभावना है कि दोनों दल अपनी बाड़ेबंदी की जगह बदल सकते हैं। आपको बता दें कि दोनों पार्टियों की नजर इस बार जीत के संभावित निर्दलीय और बागी चेहरों पर टिकी है। दोनों ही दल ज्यादा से ज्यादा निर्दलीयों को अपने पाले में रखना चाह रहे हैं। कांग्रेस की निगरानी खुद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा कर रहे हैं।

मेयर के दावों का दौर शुरू

बाड़ेबंदी के बीच ही मेयर के दावों का दौर भी शुरू हो गया है। कांग्रेस शहर अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल का दावा है – “मतदाताओं ने इस बार कांग्रेस का साथ दिया है, हम अपने बूते पर बोर्ड बनाएंगे, बागी और निर्दलीय भी हमारे साथ हैं।” वहीं, भाजपा के वरिष्ठ नेता गोपाल गहलोत का कहना है- “भाजपा तीसरी बार बोर्ड बनाने में सफल रहेगी, जादुई आंकड़ा हम हासिल कर लेंगे।” फिलहाल 14 सितंबर को मतगणना तक ‘प्रशिक्षण’ के नाम पर ये सियासी किलेबंदी जारी रहेगी और बोर्ड का असली गणित मेयर चुनाव तक सुरक्षित रखा जाएगा।

AdAdAdAdAd
- Advertisment -

Most Popular