






बीकानेर Abhayindia.com नाल थाना क्षेत्र के निखिल नगर में लगातार दूसरे दिन चोरी की वारदात हो गई है। यहां बीती रात चोरों ने एक बंद मकान को निशाने पर लेते हुए सोने-चांदी के जेवर और नगदी से हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद नाल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। आपको बता दें कि इस वारदात से एक दिन पहले ही नजदीकी मकान में भी चोर घुसे और वायरिंग काट कर ले गए थे।
ताजा घटना पुखराज सोनी के घर पर हुई है। पुखराज अपने परिवार सहित गुरुवार सुबह किसी काम से बीकानेर से बाहर गया था। आज सुबह पडौसियों ने बताया कि मेरे मकान के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ है। वापस घर आकर देखा तो अंदर कमरे व अलमारियों के ताले टूटे हुए और सामान बिखरा हुआ मिला। अलमारी रखे सोने व चांदी के जेवर गायब मिले। साथ ही नगदी भी चोरी हो गई। चोरी हुए सामान की कीमत लाखों में आंकी जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद नाल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया और सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू किए।
इससे पहले बीती रात अज्ञात चोर नीरज चौधरी के मकान में घुसकर बिजली की वायरिंग काट कर ले गए। मौके पर एक धारदार चाकू भी मिला है जिससे संभवत: वायरिंग काटी गई। मकान में हालांकि पानी की मोटर, गिरेंडर व अन्य मशीनें भी पडी थी, लेकिन वे सुरक्षित है। हालांकि उनकी वायरिंग काट कर ले गए। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि इससे पहले भी इस क्षेत्र में चोरी की दो वारदातें हो चुकी है। यहां आसपास रात्रि में नशे में धुत और संदिग्ध लोगों की आवाजाही लगी रहती है जिससे लोगों में भय रहता है।


