






बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर में चाकूबाजी और गैंगवार की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। नयाशहर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक सप्ताह पहले युवक कमल किशोर माली पर चाकू से हुए जानलेवा हमले के मामले में आरोपी अभी तक पकड़ से बाहर है। परिवादी के परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से मामले में त्वरित कार्रवाई करने की मांग की है।
मामले के अनुसार, कमल किशोर माली पुत्र शिव कुमार माली, उम्र 26 साल, निवासी उस्तों की बारी ने पर्चा बयान में बताया कि वह रात को अपनी दुकान पर नौकरी करता है और अपने दोस्त विकास गौड़, मुकुल, शुभम के साथ दुर्गा भवन के आगे से जा रहा था। तभी सामने से 4-5 मोटरसाइकिल पर सवार आकिब और उसके साथ 10-12 लोग हाथों में लकड़ी, सिरिया और चाकू लेकर आए और गाली-गलौज करने लगे। रोकने पर आरोपियों ने कमल माली के चाकू से वार कर दिए, उसके साथियों ने डंडे और सरियों से मारपीट की।
आकिब ने कमल माली पर चाकू से कई बार वार किए। चाकू के वार पेट, गर्दन, दोनों पैर और हथेली पर लगे। लहूलुहान हालत में बेहोश होने पर आरोपियों ने उसे मृत समझकर छोड़ दिया। बाद में उसे पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने पीबीएम अस्पताल में पर्चा बयान लिया। मजरूब के शरीर पर चाकू के गहरे निशान, हाथ-पैर और पेट-गर्दन पर टांके लगे हुए हैं।







