







बीकानेर Abhayindia.com कोठारी अस्पताल के पास एक व्यक्ति की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर लूट करने के मामले में नयाशहर थाना पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों साजिद मुगल पुत्र मुश्ताक मुगल उम्र 21 साल निवासी रामपुरा बस्ती गली नम्बर-2, मोहम्मद अल्ताफ पुत्र मोहम्मद असलम भिश्ती उम्र 22 साल निवासी रामपुरा बस्ती गली नम्बर-3 और समीर पुत्र जाकिर हुसैन उम्र 18 साल निवासी रोशनी घर चौराहा ने वारदात करना स्वीकार किया।
घटनाक्रम के अनुसार, परिवादी सांखला फाटक क्षेत्र निवासी 23 वर्षीय हर्ष विजय पुत्र इन्द्र चन्द विजयवर्गीय ने रिपोर्ट दी कि मैं सोयाबीन तेल की एजेन्सी में रूपये कलेक्शन का काम करता हूं। दस अक्टूबर को मैं फङ बाजार, मुरलीधर व्यास कॉलोनी, पूगल रोङ, बंगलानगर, भीमनगर, रामपुरा बस्ती होते हुए कोठारी अस्पताल के पास समय 8.42 पीएम पर पहुंचा तो मेरी पीठ पर पीठु बैग लटका हुआ था जिसमें कलेक्शन के 2,81,347 रूपये थे। मैं मेरी स्कूटी को धीरे-धीरे चला रहा था इतने में पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन लङके आए और मुझे थप्पङ मारा और मेरी आंखों में मिर्च डाल दी और मेरी पीठ पर लटके हुए बैग को छीनने की कोशिश की जिसके कारण बैग फट गया और बैग में रखे हुए 2,81,347 रूपये छीन कर ले गए। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक राकेश गोदारा को सौंपी।
आईजी हेमन्त शर्मा व एसपी कावेन्द्र सिंह सागर द्वारा शहर बीकानेर में हो रही वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। इस पर एएसपी सिटी सौरभ तिवाडी के नेतृत्व में व सीओ सिटी श्रवणदास संत के सुपरविजन में थानाधिकारी नयाशहर कविता पूनिया ने थाना स्तर पर राकेश गोदारा उनि, हंसराज हैडकानि, नरेश कानि, पुरूषोतम कानि व कपिल कानि की टीम का गठन किया। पुलिस टीम द्वारा शहर में हो रही चोरियों व लूट के संबंध में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इस प्रकार की वारदात करने वालों की तलाश व पतारशी की गई तथा मुखबिरों से आसूचना संकलन कर तकनीकी साक्ष्यों के व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लूट करने वाले आरोपियों को दबोच लिया।






