बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर के उदयरामसर रोही में स्थित आसोपा आश्रम ट्रस्ट की बेशकीमती जमीन को लेकर चल रहा विवाद अब पुलिस थाने तक पहुंच गया है। ट्रस्ट की ट्रस्टी उर्मिला आसोपा निवासी आसोपा बिल्डिंग, रेलवे स्टेशन बीकानेर ने ट्रस्ट की जमीन हड़पने का आरोप लगाते हुए 7 लोगों के खिलाफ गंगाशहर थाने में मामला दर्ज कराया है।
पुलिस के अनुसार, उर्मिला आसोपा की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता BNS की विभिन्न धाराओं के तहत दिलीप पुरी पुत्र ईश्वर पुरी गुंसाई निवासी खतूरिया कॉलोनी, बीकानेर, अनुज जैन निवासी अशोक विहार, दिल्ली, नेहा जैन पत्नी अनुज जैन निवासी अशोक विहार, दिल्ली, यश पुगलिया पुत्र नरेश पुगलिया निवासी नई लाइन, गंगाशहर, बीकानेर, धीरज पुगलिया पुत्र नरेश पुगलिया निवासी नई लाइन, गंगाशहर, बीकानेर, विमल कुमार लालाणी पुत्र रामलाल निवासी रानी बाजार, बीकानेर, मघा गिरी पुत्र मूलगिरी गुंसाई निवासी बरसिंहसर पर केस दर्ज किया गया है।
क्या है आरोप?
परिवादिया उर्मिला आसोपा ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि- “आरोपियों ने उप पंजीयक कार्यालय के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ मिलीभगत कर 20 जुलाई 2026 को कूटरचना कर पूर्व में फर्जी तैयार किए गए दस्तावेजों के आधार पर ट्रस्ट की भूमि की रजिस्ट्री करवा ली। जबकि उक्त समस्त भूमि का वाद राजस्व मंडल अजमेर में अपील संख्या 5269/2013 एवं 5320/2013 के तहत आज भी विचाराधीन है तथा स्थगन आदेश प्रभावी है एवं उक्त भूमि ट्रस्ट के स्वामित्व में है।”
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर चक्रवर्ती सिंह को सौंपी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। यह जमीन उदयरामसर रोही में स्थित है और शहर के पास होने के कारण इसकी बाजार कीमत करोड़ों में आंकी जा रही है।















