श्रीडूंगरगढ़ Abhayindia.com फूड बिजनेस के नाम पर फ्रेंचाइजी देने का झांसा देकर बीकानेर जिले के एक व्यापारी से 7.5 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। श्रीडूंगरगढ़ थाना पुलिस ने गुजरात के 2 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, श्रीडूंगरगढ़ के आडसर बास निवासी प्रमोद कुमार बोथरा पुत्र लीलाधर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपियों ने प्रमोद को “कुलचा क्राफ्ट” फूड फ्रेंचाइजी देने का झांसा दिया। फ्रेंचाइजी के नाम पर आरोपियों ने अलग-अलग किस्तों में कुल 7.5 लाख रुपए डलवा लिए।
आरोप है कि रुपए लेने के बाद दोनों ने न तो कुलचा क्राफ्ट की फ्रेंचाइजी दी और न ही रुपए वापस लौटाए। जब प्रमोद ने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने टाल-मटोल शुरू कर दी और संपर्क करना बंद कर दिया। परिवादी की रिपोर्ट पर श्रीडूंगरगढ़ थाना पुलिस ने गुजरात निवासी दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में धोखाधड़ी और छल-कपट का मामला दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई देवाराम कर रहे हैं। पुलिस आरोपियों के बैंक खातों, ट्रांजेक्शन डिटेल और मोबाइल रिकॉर्ड खंगाल रही है। जल्द ही आरोपियों से पूछताछ के लिए टीम भेजी जाएगी। पुलिस ने व्यापारियों से अपील की है कि किसी भी कंपनी की फ्रेंचाइजी लेने से पहले कंपनी की ऑफिशियल वेबसाइट, रजिस्ट्रेशन और एग्रीमेंट की पूरी जांच करें। अनजान लोगों को बिना वेरिफिकेशन रुपए ट्रांसफर न करें।













