बीकानेर abhayindia.com बज्जू क्षेत्र में बीते दिनों परिवार सहित नहर में कूदने की हुई घटना में दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग को लेकर पूर्व सिंचाई मंत्री देवीसिंह भाटी ने शुक्रवार को पुलिस महानिरीक्षक जोस मोहन से मुलाकात की। अपने कार्यकर्ताओं के साथ आईजी से मिलने पहुंचे भाटी ने बज्जू की घटना की जांच निष्पक्ष रूप से कराने की बात कही।
साथ ही एक ज्ञापन आईजी को सौंपा। भाटी ने घटना से बवगत कराते हुए बताया कि बज्जू जाटाबास निवासी मघाराम राईका गांव के त्रिलोकाराम से भूमि विवाद हैं, ऐसे में डर के चलते पूरा परिवार नहर में कूद गया था, जिसमें दो बच्चों की मौत हो गई। इस बाबत पुलिस थाना बज्जू में पूर्व में लिखित परिवाद भी दिया था लेकिन उस परिवाद पर किसी तरह की कार्रवाई नहीं हुई। इसी दौरान मघाराम अपने २५ जून को जब मघाराम अपने ससुराल तंवरवाला जा रहा था, तब दूसरे पक्ष के लोगों ने उनका पीछा किया, फायर भी किए। इससे घबराकर मघाराम की पत्नी अपने चार बच्चों के साथ नहर में कूद गई थी। इसमें उनके दो बच्चों की मौत हुई। आईजी ने पूरी बात सुनने के बाद कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
कलक्टर को बताए पीबीएम के हालात
देवीसिंह भाटी ने रणबांकुरा संगठन के तत्वावधान में जिला कलक्टर कुमार पाल गौतम से मुलाकात कर पीबीएम में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर रोष जताते हुए ज्ञापन सौंपा। इसके माध्यम से आरोप लगाया कि पिछले दिनों कार्मिकों की लापरवाही से कोविड से संक्रमित एक व्यक्ति की फिसल कर गिरने से मौत हो गई थी। भाटी ने उक्त मामले की निष्पक्ष रूप से जांच करवाकर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग उठाई।