Saturday, April 25, 2026
Homeबीकानेरभाटी ने बांधे सीएम और प्रदेशाध्यक्ष की तारीफों के पुल, शेखावत को...

भाटी ने बांधे सीएम और प्रदेशाध्यक्ष की तारीफों के पुल, शेखावत को फिर लपेटा

AdAdAdAdAdAdAd

बीकानेर (अभय इंडिया न्यूज)। पूर्व मंत्री एवं भाजपा के कद्दावर नेता देवीसिंह भाटी ने प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे तथा नवनियुक्त भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी की तारीफों के पुल बांधते हुए कहा कि प्रदेशाध्यक्ष की नियुक्ति के मामले में उन्होंने डटकर अपनी बात रखी। सीएम राजे को लेकर जनविरोध के सवाल पर भी भाटी ने कहा कि दो सौ में से 163 सीटें जीतना कम बात नहीं थी। आगे भी उनका प्रदर्शन अच्छा ही रहेगा।

भाटी ने यह बात मीडिया से बातचीत के दौरान कही। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन लाल सैनी की नियुक्ति को पार्टी के लिए बेहतर बताते हुए कहा कि पार्टी ने सर्वमान्य नेता को इस पद पर नियुक्त करके सराहनीय काम किया है। कार्यकर्ताओं में भी इसका अच्छा संदेश जाएगा। प्रदेशाध्यक्ष सैनी ने जीवनपर्यंत मजदूरों के लिए संघर्ष किया है। पार्टी द्वारा सैनी के बहाने ओबीसी वोटों में सेंध लगाने की रणनीति के सवाल पर भाटी ने कहा कि वे सभी कौमों को साथ लेकर चलने वाले हैं, इसलिए ऐसी बात नहीं की जा सकती।

प्रदेशाध्यक्ष पद के लिए गजेन्द्र सिंह शेखावत के विरोध के सवाल पर भाटी ने एक बार फिर दोहराया कि उनके अध्यक्ष बनने से पार्टी को नुकसान ही होता। खासतौर से जाटों से दूरी बन जाती। भाटी ने कहा कि सामाजिक न्याय को लेकर उनकी ओर से चलाए गए आंदोलन को जोधपुर में सबसे ज्यादा नुकसान शेखावत ने ही पहुंचाया था। छत्तीस कौमों को साथ लेकर नहीं चलने वालों को ऐसे महत्वपूर्ण पद पर नहीं बैठाया जाना चाहिए।

गौरतलब है कि पूर्व मंत्री भाटी ने ही सर्वप्रथम गजेन्द्र सिंह शेखावत के प्रदेशाध्यक्ष बनने की अटकलों पर खुलकर विरोध जाहिर किया था। शेखावत मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की पसंद के नेता भी नहीं है। यही वजह रही कि शीर्ष नेतृत्व 74 दिनों की जद्दोजहद के बाद प्रदेशाध्यक्ष के रूप में मदनलाल सैनी की नियुक्ति कर सका है। सैनी की नियुक्ति को लेकर पार्टी में फिलहाल कई मतभेद नजर नहीं आ रहे हैं।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!