जयपुर Abhayindia.com भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने आज एमआई रोड स्थित होमगार्ड ट्रेनिंग सेंटर में बड़ी कार्रवाई करते हुए होमगार्ड के एडिशनल एसपी नवनीत जोशी और कंपनी कमांडर (सीआई) जितेंद्र पाल को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एसीबी की यह कार्रवाई डीएसपी अभिषेक पारीक की अगुवाई में डीआईजी राहुल कोटोकी और कार्यवाहक डीजी स्मिता श्रीवास्तव के निर्देश पर की गई।
घटनाक्रम के अनुसार, एसीबीं को मिली शिकायत के अनुसार, होमगार्ड में तैनात एक जवान ने आरोप लगाया था कि एडिशनल एसपी नवनीत जोशी और सीआई जितेंद्र पाल ने अनुशासनात्मक कार्रवाई से बचाने के एवज में उससे मासिक रिश्वत की मांग की थी। जवान का निलंबन रद्द करने के लिए दोनों अधिकारियों ने दो लाख रुपये की रिश्वत तय की थी, जिसमें पहली किश्त के रूप में 25 हजार रुपये मांगे गए। जवान ने बताया कि दोनों अधिकारी उसे पिछले 8 महीनों से मासिक 25 हजार रुपये की बंधी देने के लिए दबाव डाल रहे थे। शिकायत के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन किया, जिसमें रिश्वत की मांग की पुष्टि हुई। इसके बाद एसीबी ने जाल बिछाकर परिवादी जवान को 25 हजार रुपये की पहली किश्त लेकर भेजा। जैसे ही सीआई जितेंद्र पाल ने रिश्वत की रकम ली और उसे एडिशनल एसपी नवनीत जोशी तक पहुंचाने की कोशिश की, एसीबी की टीम ने दोनों को दबोच लिया।













