





जयपुर Abhayindia.com भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने झालावाड़ में बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग के क्षेत्रीय वन अधिकारी विक्रम रैगर और विभागीय चालक फिरोज को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि लकड़ी से भरे वाहनों को पास कराने के बदले मासिक बंधी की मांग की जा रही थी। एसीबी अब दोनों आरोपियों से पूछताछ के साथ उनके घरों की तलाशी भी ले रही है।
एसीबी झालावाड़ के सीआई साजिद खान के अनुसार, रायपुर क्षेत्र निवासी इम्तियाज, जो टिंबर ट्रेडिंग का व्यवसाय करता है और लाइसेंस के तहत लकड़ी खरीदकर बाहर सप्लाई करता है, की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि गश्ती दल की ओर से पहले प्रति गाड़ी 5 हजार रुपये रिश्वत मांगी जा रही थी। बाद में 15 हजार रुपये प्रतिमाह की मासिक बंधी तय की गई। आरोपियों पर इम्तियाज के वाहनों को पास कराने के एवज में नियमित रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने उसका सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने पर योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की गई, जिसमें दोनों आरोपी रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिए गए। यह कार्रवाई एसीबी झालावाड़ की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रेरणा शेखावत के नेतृत्व में तथा डीआईजी ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में की गई।








