









बीकानेर Abhayindia.com भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बेनामी संपत्ति और संदिग्ध नकदी लेन-देन के मामले में कार्रवाई करते हुए 1.30 करोड़ रुपए की नकदी बरामद की है। एसीबी ने बीकानेर से श्रीगंगानगर भेजी जा रही 85 लाख रुपए की नकदी जब्त करने के साथ ही श्रीगंगानगर स्थित एक आवास पर छापेमारी कर 45 लाख रुपए और बरामद किए हैं।
एसीबी को सूचना मिली थी कि बेनामी संपत्ति और अवैध धन से जुड़े कुछ लोग बड़ी नकदी राशि को बीकानेर से श्रीगंगानगर भेजने की तैयारी कर रहे हैं। इसके आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए लूणकरनसर थाना क्षेत्र के पास एक रोडवेज बस में सफर कर रहे स्वतंत्र ज्याणी को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास रखे थैलों और गत्ते के बॉक्सों से 85 लाख रुपए नकद बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह राशि श्रीगंगानगर स्थित जुगल किशोर बिश्नोई के घर पहुंचाई जानी थी। इसके बाद एसीबी की टीम ने श्रीगंगानगर में बिश्नोई के आवास पर दबिश दी, जहां से 45 लाख रुपए नकद और बरामद किए गए। बहरहाल, स्वतंत्र ज्याणी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही जुगल किशोर बिश्नोई से भी बरामद नकदी और उसके स्रोत के संबंध में पूछताछ की जाएगी।


