






बीकानेर Abhayindia.com ब.ज.सि. रामपुरिया जैन विधि महाविद्यालय की रासेयो इकाईयों की ओर से आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन की शुरूआत स्वयंसेवकों के द्वारा राष्ट्रगान से की गई। इसके पश्चात प्रथम सत्र में योग एवं हैल्थ कोच डाॅ. दीपक के निर्देशन में स्वयंसेवकों ने योगाभ्यास किया जिसमें विभिन्न प्रकार की योग मुद्राओं का अभ्यास किया। द्वितीय सत्र में स्वयंसेवकों के लिए गोष्ठी का आयोजन रखा गया। जिसका विषय स्वास्थ्य चेतना एवं युवा रखा गया। जिसमें मुख्य वक्ता डिप्टी सीएमएचओ डाॅ. लोकेश गुप्ता थे।
डाॅ गुप्ता ने स्वयंसेवकों को मौसमी बीमारियों तथा अन्य संक्रमित बीमारियों के कारण तथा रोकथाम के उपायों के बारे में विस्तार से अवगत करवाया। डाॅ गुप्ता ने वर्तमान में खान-पान संबंधी विषय पर जोर देते हुए कहा कि आज हम परम्परागत भोजन को छोड कर कृत्रिम रूप से बनाये गये खान पान पर ज्यादा जोर दे रहे हैं जो कि स्वास्थ्य के लिये हानिकारक है इसलिए हमें हमारे भारतीय परम्परागत भोजन एवं व्यंजन का ही प्रयोग करना चाहिए।
गोष्ठी को सम्बोधित करते हुए सीएमएचओ कार्यालय के सहायक मलेरिया अधिकारी अशोक व्यास ने डेंगू जैसी खतरनाक बीमारी फैलाने वाले डेंगू के मच्छरों के प्रजनन से लेकर उनके मच्छर बनकर बीमारी फैलाने तक की गतिविधियों को चार्ट एवं चित्रों के माध्यम से स्वयंसेवकों को बताया। व्यास ने बताया कि पूरे विश्व में आज सर्पदंश से अधिक मौतें मच्छरों के काटने से हो रही है जिसे हम जनचेतना एवं जानकारियों के माध्यम से रोक सकते है।
रासेयो के कार्यक्रम प्रभारी डाॅ. रीतेश व्यास ने अतिथियों को विश्वास दिलाया कि राज्य सरकार के विभिन्न कार्यक्रमों को तथा उनके द्वारा बताई गई जानकारियों को स्वयंसेवक समाज में चेतना जागृत करने के लिये जन मानस तक ले जाने का पूरा प्रयास करेंगे। गोष्ठी के अन्त में महाविद्यालय की रासेयो इकाईयों द्वारा अतिथियों का स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
तृतीय सत्र में महाविद्यालय के स्वयंसेवकों ने डाॅ. रीतश व्यास, डाॅ बालमुकन्द व्यास तथा डाॅ. शराफत अली के निर्देशन में जयनारायण व्यास काॅलोनी स्थित साइंस पार्क में श्रमदान का कार्य किया। इसमें विशेष रूप से फाउन्टेन के गंदे पानी को बाहर निकाल कर उसकी सफाई की। इसके साथ ही पार्क परिसर में सफाई की। इसके पश्चात आसपास के क्षेत्र में स्वास्थय जागरूकता रैली की गई जिसमें यह संदेश दिया गया कि गुटखा, सिगरेट, तम्बाकू जर्दा, खाने से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी हो सकती है।
रासेयो शिविर में महाविद्यालय के व्याख्याता डाॅ. पीयूष किराडू, सुनीता लूणिया, अंजुमन उस्ता, राजश्री सुथार, चेतना ओझा, मोहिता सिंह, राकेश रंगा, पवन सारस्वत तथा रासेयो इकाईयों के स्वयं सेवको ने बढ-चढकर हिस्सा लिया। अन्त में रासेयो कार्यक्रम अधिकारी डाॅ. बालमुकुन्द व्यास ने आगामी दिवस के कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।


