दिल्ली। भारत में एक दिन में कोरोना के रिकॉर्ड 40,425 नए मामले सामने आने के बाद सोमवार को देश में संक्रमितों की कुल संख्या 11 लाख पार कर गई। वहीं, उपचार के बाद संक्रमण से मुक्त होने वाले लोगों की संख्या भी 7 लाख से अधिक हो गई है।
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार 681 और लोगों की जान जाने के बाद मरने वालों की संख्या 27,497 हो गई। देश में कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या 11,19,418 (3:49 pm) मामले हो गई। भारत में महज 3 दिन में ही कोविड-19 के मामले 10 लाख से 11 लाख के पार पहुंच गए हैं।
देश में अभी 3,90,459 मरीजों का इलाज जारी है और 7,00,086 लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं, एक मरीज देश से बाहर चला गया है। कुल मामलों में देश में संक्रमित पाए गए विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। आंकड़ों के अनुसार देश में पहली बार एक दिन में 40 हजार से अधिक नए मामले सामने आए हैं।
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICM) के अनुसार अभी तक देश में 1,40,47,908 नमूनों की जांच की गई है, जिनमें से 2,56,039 नमूनों की जांच रविवार को ही की गई।