








बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर के ऐतिहासिक संसोलाव तालाब की दशकों पुरानी उपेक्षा को लेकर बुधवार को मंदिर काशी है विश्व नाथ ट्रस्ट की ओर से जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि को ज्ञापन सौंपा गया। भाजपा नेता सत्यप्रकाश आचार्य और सामाजिक कार्यकर्त्ता जुगल व्यास के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में तालाब की सफाई, अतिक्रमण हटाने और संरक्षण की मांग की गई।कलेक्टर ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) के माध्यम से कार्यवाही कराने का आश्वासन दिया।
बीकानेर जिला कलेक्टर कार्यालय में मंदिर काशी विश्वनाथ ट्रस्ट, बीकानेर के अध्यक्ष सुरेश मोहता (एडवोकेट) एवं ट्रस्टी नवरत्न मोहता ने भाजपा नेता सत्यप्रकाश आचार्य और वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता जुगल व्यास के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल के साथ मुलाकात की थी। इस दौरान वर्षों से उपेक्षित पड़े संसोलाव तालाब की गंदगी, कचरे से भरे नालों की सफाई, डस्टबिन की व्यवस्था जलभराव की सुचारु आवक, आगोर क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण और कब्जों को हटाने, सफाई व्यवस्था, रात्रिकालीन प्रकाश और सघन वृक्षारोपण की मांग की गई।
जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनी और कहा कि यह मुद्दा शहर की हरित धरोहर और जल संरक्षण से जुड़ा है, जिसे प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि बीकानेर विकास प्राधिकरण के माध्यम से उचित योजना तैयार कर कार्यवाही की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को दस्तावेजात और फोटो साक्ष्य भी प्रस्तुत किए, जो तालाब की वर्तमान बदहाल स्थिति को दर्शाते हैं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को जांच व त्वरित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।


