








कोलायत Abhayindia.com कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार को श्री कोलायत स्थित कपिल मुनि सरोवर पर श्रद्धा और आस्था का जनसैलाब उमड़ा। देशभर से आए लाखों श्रद्धालुओं ने सरोवर में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया तथा कपिल मुनि मंदिर में पूजा-अर्चना कर दीपदान किया। सुबह से ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। महिलाओं ने पारंपरिक परिधान में दीपदान किया, वहीं कपिल मुनि मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और पूजा-पाठ का दौर चलता रहा।
शाम को सरोवर तट पर आयोजित भव्य महाआरती ने पूरे वातावरण को दिव्यता से भर दिया। इस अवसर पर श्रीकोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी, बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास, संभागीय आयुक्त विश्राम मीना, पुलिस महानिरीक्षक हेमंत शर्मा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक विनायक, पूर्व सरपंच रामकिशन आचार्य, पूर्व प्रधान जयवीर सिंह, रविन्द्र सिंह चौहान, मंगेज सिंह भाटी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मेले की व्यवस्थाओं का नेतृत्व विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने किया। उन्होंने लगातार प्रशासनिक अधिकारियों से समन्वय कर तैयारियों की मॉनिटरिंग की। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, प्रकाश, यातायात व सफाई जैसी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया गया। प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से भी सभी व्यवस्थाएं पुख्ता रखी गई। उपखंड अधिकारी राजेश नायक, तहसीलदार पूनम कंवर, पुलिस उपअधीक्षक संग्राम सिंह, थानाधिकारी चन्द्रजीत सिंह सहित अनेक अधिकारियों ने व्यवस्थाओं की निगरानी की। गुरुनानक जयंती पर गुरुद्वारा साहिब में भी श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। सिख समाज ने विशाल लंगर का आयोजन कर सेवा का संदेश दिया।
पुजारी सोनू सेवग और बनवारीलाल सेवग की अगुवाई में दिनभर धार्मिक अनुष्ठान, हवन और महाआरती संपन्न हुए। संध्या के समय दीपों से सरोवर का पूरा वातावरण जगमगा उठा। श्रद्धालुओं के ‘हर हर कपिल मुनि’ के जयघोष से सम्पूर्ण कोलायत भक्तिमय हो उठा।


