Friday, May 15, 2026
Hometrendingकृषि भूमि के क्रय-विक्रय की रजिस्ट्री के समय फार्मर आईडी होगी अनिवार्य

कृषि भूमि के क्रय-विक्रय की रजिस्ट्री के समय फार्मर आईडी होगी अनिवार्य

AdAdAdAdAdAdAdAdAd

बीकानेर Abhayindia.com फार्मर रजिस्ट्री की राज्य विशेषाधिकारी मुक्ता राव ने मंगलवार को जिले में फार्मर रजिस्ट्री कार्य की प्रगति की समीक्षा की। कलेक्ट्रेट सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित बैठक में राव ने फार्मर रजिस्ट्री कार्य में तेजी लाने व शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुक्ता राव ने कहा कि व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से किसानों को अवगत कराया जाए कि भविष्य में समर्थन मूल्य पर फसल विक्रय करने के लिए फार्मर आईडी की जरूरत होगी। इसके अतिरिक्त, उन्हें खाद-बीज जैसी सरकारी योजनाओं का लाभ तथा फसल बीमा क्लेम भी फार्मर आईडी से मिल सकेगा। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि पंजीयन के अभाव में भविष्य में नामांतरण की कार्यवाही संभव नहीं होगी तथा कृषि भूमि के क्रय-विक्रय की रजिस्ट्री के लिए फार्मर आईडी की जरूरत पड़ेगी।

राव ने बताया कि पंजीयन होने पर किसान की भूमि में कुछ भी परिवर्तन होगा तो उसे तत्काल फोन पर इसकी जानकारी मिल जाएगी। इससे किसान जमीन की धोखाधड़ी से बच सकेगा। साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि व मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि का पंजीकरण भी फार्मर आईडी बनवाने के बाद ही हो सकेगा।

बैठक में राव ने समस्त तहसीलदारों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में शत-प्रतिशत किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करें। पंजीयन कार्य को अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक पटवार मंडल स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। साथ ही, किसानों का डोर-टू-डोर सर्वे कर उन्हें पंजीयन के लिए प्रेरित किया जाएगा। संबंधित भू-अभिलेख निरीक्षकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने क्षेत्र में पटवार मंडलों पर पटवारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें तथा सभी पटवारियों की दैनिक प्रगति रिपोर्ट प्राप्त कर तहसील कार्यालय में प्रस्तुत करें।विदित है कि जिले में वर्तमान में अब तक 1,67,427 किसानों का पंजीयन कर फार्मर आईडी जारी की जा चुकी है।

बैठक में जिले की भू-अभिलेख प्रभारी अधिकारी आईएएस महिमा कसाना, फार्मर रजिस्ट्री टेक्निकल कंसलटेंट दीपेश शर्मा, तहसीलदार निशिकांत, तहसीलदार भू-अभिलेख निरीक्षक नाल हरी नारायण सिंह, जिला कार्यालय भू-अभिलेख निरीक्षक किशन सोनी सहित जिले के समस्त तहसीलदार, भू-अभिलेख निरीक्षक, पटवारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!