Friday, April 24, 2026
Homeबीकानेरएक कॉलोनी, तीन पुलिस थाने, फिर महफूज नही कोई....

एक कॉलोनी, तीन पुलिस थाने, फिर महफूज नही कोई….

AdAdAdAdAdAdAd
mdv 2
mdv 2

 

बीकानेर (अभय इंडिया न्यूज)। मुरलीधर व्यास कॉलोनी शहर के तीन पुलिस थानों के सुरक्षा चक्र से घिरी हुई है, इसके बावजूद यहां रहने वाले लोग महफूज नहीं है। आए दिन न केवल छात्राओं और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ हो रही है, बल्कि चोरी की वारदातें भी हो रही है। दो दिन पहले कॉलोनी में स्थित एक निजी स्कूल में पढऩे वाली छात्रा के साथ नकाबपोश युवकों ने छेड़छाड़ की। इस घटना से क्षेत्र के लोगों में तीव्र रोष व्याप्त हो गया। दोपहर में लोगों ने जहां मुख्य सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शित किया, वहीं रात्रि में रैली निकाल कर प्रशासन को चेताया।

लोगों ने कहा कि यह कॉलोनी तीन पुलिस थानें नयाशहर, गंगाशहर और नाल के सुरक्षा चक्र से घिरी हुई है, इसके बावजूद यहां आए दिन आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने कहा कि यदि घटनाओं की पुनर्रावृति हुई तो वे प्रशासन के समक्ष धरना देने पर मजबूर होंगे। उन्होंने प्रशासन से पूरे कॉलोनी क्षेत्र को तीन अलग-अलग पुलिस थानों के बजाय एक ही थाने के अंतर्गत लाने की मांग भी उठाई। मुरलीधर सैलिब्रिटी ग्रुप से निकाली गई रैली मुरलीधर व्यास कॉलोनी से रवाना होकर गोकुल सर्किल तक पहुंची। रैली में बड़ी संख्या में न केवल युवक थे, बल्कि महिलाएं और छात्राएं भी शामिल हुई। सभी ने एकस्वर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन को आड़े हाथों लिया। उनका कहना था कि बार-बार अनुरोध किए जाने के बावजूद क्षेत्र में पुलिस की गश्त नहीं हो रही है। इससे अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। मुख्य चौराहे पर देर रात तक शराब पीकर लोग उत्पात मचाते है, फिर भी पुलिस उन पर कोई कार्रवाई नहीं करती। खासतौर से सावे और त्योहार के समय मनचले युवक टोलियां बनाकर मुख्य चौराहे के इर्द-गिर्द मंडराने लगते हैं।

लोगों ने बताया कि कॉलोनी क्षेत्र में स्थित शिक्षण संस्थाओं के आगे सिविल वर्दी में पुलिसकर्मी तैनात किए जाने चाहिए ताकि छेड़छाड़ जैसी और घटनाएं न हो। एमडीवी सेलिब्रिटी गु्रप से जुड़े पवन राठी ने बताया कि यदि आपराधिक घटनाएं नहीं रूकी तो आने वाले दिनों में फिर विरोध प्रदर्शन व धरना देने पर मजबूर होना पड़ेगा।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!