Thursday, April 30, 2026
Homeराजस्थानविधायक बोला- वसुंधरा जी वादा रहा, चुनाव में मजा आएगा

विधायक बोला- वसुंधरा जी वादा रहा, चुनाव में मजा आएगा

AdAdAdAdAdAdAd

जयपुर (अभय इंडिया न्यूज)। गुजरात के गडग़ांव से विधायक जिग्नेश मेवाणी को रविवार को पुलिस ने जयपुर के सांगानगर हवाई अड्डे पर पहुंचते ही हिरासत में ले लिया। करीब चार घंटे तक पुलिस निगरानी में रखने के बाद उन्हें वापस गुजरात के लिए रवाना का दिया गया। मेवाणी ने बाद में ट्वीट कर कहा कि ‘वसुंधरा जी वादा रहा, चुनाव में मजा आएगा।’ दरअसल, जिग्नेश मेवाणी रविवार दोपहर नागौर के मेड़ता में होने वाले डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती समारोह को संबोधित करने प्लेन से जयपुर पहुंचे थे। उन्हें यहां से सड़क मार्ग से मेड़ता जाना था।

जिग्नेश मेवाणी की यात्रा को देखते हुए शनिवार रात से ही मेड़ता में धारा 144 लागू करने के साथ ही उनके नागौर जिले में प्रवेश पर रोक लगा दी गई थी। नागौर के पुलिस अधीक्षक पारिस देशमुख के निर्देश पर पुलिस उप अधीक्षक विद्याप्रकाश चौधरी के नेतृत्व में सादी वर्दी में पुलिसकर्मी जयपुर के सांगानेर हवाई अड्डे पर पहुंच गए थे। मेवाणी जैसे ही हवाई अड्डे के बाहर आकर मेड़ता जाने के लिए गाड़ी में बैठे तो उन्हे नागौर जिले के प्रवेश नहीं करने को लेकर पाबंद करने का नोटिस थमा दिया गया। काफी देर तक जिग्नेश और पुलिस अधिकारियों के बीच बहस होती रही। मामला बढऩे की आशंका को देखते हुए आसपास के पुलिस थानों से अतिरिक्त पुलिस बल मंगवा लिया गया। इस बीच, केशकला बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष गोपाल सिंह केसावत सहित कई लोग जिग्नेश मेवाणी से मिलने हवाई अड्डे पर पहुंच गए। पुलिस ने यहां केसावत को गिरफ्तार कर लिया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हनुमान सिंह के अनुसार पहले से चल रहे एक आपराधिक मामले में केसावत को गिरफ्तार किया गया है। कोर्ट से उनके खिलाफ वारंट जारी किए गए थे। करीब चार घंटे तक निगरानी में रखने के बाद मेवाणी को वापस गुजरात के लिए रवाना कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि आंबेडकर जयंती समारोह के दौरान माहौल बिगड़ सकता है। इस कारण से पुलिस ने जिग्नेश को कार्यक्रम स्थल पर जाने से रोकने के साथ ही धारा 144 लागू कर दी, जिससे भीड़ एकत्रित नहीं हो सके।

मेवाणी ने हवाई अड्डे पर पत्रकारों से कहा कि उन्हें बेवजह जबर्दस्ती रोका गया है। बंदी बनाने का प्रयास किया गया। राज्य सरकार उनके यहां आने से डर गई है। जिग्नेश ने ट्वीट किया है कि मैं जयपुर एयरपोर्ट पर उतरा तो कुछ पुलिस अधिकारी एक ऐसे पत्र पर हस्ताक्षर कराने लगे थे, जिसमें लिखा था कि नागौर में एमएलए जिग्नेश के प्रवेश पर पाबंदी है। मैं एक जनसभा संबोधित करने जा रहा था, जिसमें भारतीय संविधान और डॉ. आंबेडकर के बारे में संबोधन था। उन्होंने कहा कि मुझे रोकने के परिणाम भुगतने होंगे।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!