बीकानेर Abhayindia.com बम्बलू गांव में शिव मंदिर के पास रहने वाले एक युवक ने कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट होने के बाद जिला प्रशासन की समझाइश को मानते हुए अपना विवाह स्थगित कर दिया।
शंकर लाल कूकणा नाम के इस युवक की शादी 21 अप्रैल को थी, लेकिन पिछले दिनों वह कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट हुआ। उसके साथ ही उसके दो भाई और एक बहिन भी पॉजिटिव हुई। सूचना मिलने पर जिला कलक्टर के निर्देश पर पुलिस, प्रशासन एवं चिकित्सा विभाग के अधिकारी बम्बलू पहुंचे। अधिकारियों ने विवाह समारोह स्थगित करने की समझाइश की। साथ ही नियमों के अनुसार ऐसा नहीं करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने समझाया कि वह एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते निर्णय ले, जिससे उसके और परिवार के लोगों में संक्रमण बढ़ने का खतरा नहीं रहे।
उपखण्ड अधिकारी मीनू वर्मा ने बताया कि इस समझाइश को मानते हुए शंकर ने बुधवार के मुहूर्त को निरस्त करते हुए नए सावे के अनुसार विवाह करने का निर्णय लिया। शंकर ने कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर आमजन से पूर्ण सावधानी रखने की अपील की है। साथ ही कहा कि जीवन रक्षा को सर्वोपरि मानकर अपने परिवार एवं समाज के लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
विवाह एवं अन्य समारोह की देनी होगी सूचना
बीकानेर। बीकानेर उपखण्ड क्षेत्र के नागरिकों को विवाह सहित अन्य समारोहों की सूचना उपखण्ड अधिकारी को देनी होगी। यह सूचना ई-मेल एड्रेस sdmbika@hotmail.com एवं sdmbikaner@outlook.in पर देनी होगी। उपखण्ड अधिकारी मीनू वर्मा ने बताया कि बिना सूचना ऐसे आयोजन करने पर पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।















