






बीकानेर Abhayindia.com शम्भु-शेखर सक्सेना सामाजिक विकास संस्थान की ओर से 11वां राज्य स्तरीय पत्रकारिता और साहित्य का पुरस्कार समारोह मार्च में बीकानेर में होगा। वर्ष 2020 के लिए राज्य स्तरीय पत्रकारिता एवं साहित्य पुरस्कारों के लिए संस्थान की ओर से प्रविष्टियां 28 फरवरी 2021 तक आमंत्रित की गई हैं।
ये प्रविष्टियां नागणेचेजी रोड स्थित संस्था के कार्यालय में भेज सकते हैं, जबकि राज्य स्तरीय विशिष्ट पत्रकारिता एवं साहित्य पुरस्कारों (बीकानेर के लिए) की प्रविष्टि भेजने की आवश्यकता नहीं है। इन पुरस्कारों का चयन संस्थान की ओर से गठित कमेटी करेगी।
संस्थान की सचिव रेणु सक्सेना ने बताया कि साहित्य विभूति शंभुदयाल सक्सेना और पत्रकारिता के स्तम्भ रहे शेखर सक्सेना की स्मृतियों को अक्षुण रखने के उद्देश्य से वर्ष 2009 में इस संस्थान का गठन किया गया था।
वर्ष 2010 से प्रतिवर्ष साहित्य के क्षेत्र में शंभुदयाल सक्सेना राज्य स्तरीय पत्रकारिता एवं साहित्य अवार्ड शुरू किया गया था। दोनों पुरस्कारों में राज्य स्तरीय अवार्ड के लिए 5100 रुपए नगद, विशिष्ट पुरस्कार के लिए 2100 रुपए नगद, एक-एक चांदी का मेडल एवं सम्मान-पत्र प्रदान किया जाता है। इन पुरस्कारों के लिए प्रिंट के साथ इलेक्ट्रोनिक मीडिया से जुडे पत्रकार भी आवेदन कर सकेंगे।
राज्य स्तरीय पत्रकारिता पुरस्कार के लिए पर्यावरण एवं जल संरक्षण के क्षेत्र में विशिष्ट कार्य करने वाले पत्रकार समाचार-पत्रों की कटिंग के साथ एवं राज्य स्तरीय साहित्य पुरस्कार के लिए साहित्यकार अपनी गत पांच वर्षों में प्रकाशित उपन्यास अथवा कहानी संग्रह की दो प्रतियां मय जीवनी संस्थान के कार्यालय पर 28 फरवरी 2021 तक भिजवा सकते हैं।



