







बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर नगर निगम में भाजपा के पंकज गहलोत के डिप्टी मेयर बनते ही सियासत गरमा गई है। भाजपा के वरिष्ठ नेता गोपाल गहलोत ने जीत के बाद खुलकर कहा- “आज बदला तो हमने ले लिया।”
गोपाल गहलोत का बड़ा बयान- गेम हो गया...
वरिष्ठ नेता गोपाल गहलोत बोले- “आज बदला तो हमने ले लिया, गेम की बात होती है। मेरा आज और कल दोनों दिन गेम का प्रयास था, पर आज हो गया। भाजपा के 27 वोट के बाद देख लो कि कितने क्रॉस वोट हुए हैं।” गहलोत ने कहा कि- “हमने कल मेयर चुनाव में भी बहुमत के लिए प्रयास किया था, लेकिन सफल नहीं हुए। आज हमारा प्रयास सफल रहा।”
उनके इस बयान से साफ हो गया कि भाजपा ने कल की हार का बदला आज कांग्रेस के वोट तोड़कर ले लिया। भाजपा के 27-30 वोटों के मुकाबले पंकज गहलोत को मिले 40 वोट यानी कम से कम 12-13 वोटों की क्रॉस वोटिंग हुई है।
अल्पसंख्यक वर्ग में गहरी नाराजगी
उप-महापौर चुनाव में कांग्रेस ने वार्ड 66 की अल्पसंख्यक पार्षद नसीम बानो को टिकट दिया था, लेकिन अपनी ही पार्टी के वोटों से वे चुनाव हार गईं। इसके बाद अल्पसंख्यक वर्ग में गहरी नाराजगी है। आज सुबह मतदान से पहले ही अल्पसंख्यक वर्ग के नेताओं ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी थी कि- “आज पता चल जाएगा कि कांग्रेस में कितने संघी मानसिकता वाले चेहरा बदल कर बैठे हैं…” अब इस पोस्ट पर दनादन कमेंट आ रहे हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि कल मेयर चुनाव के दौरान जो कांग्रेस के बड़े नेता एकजुट नजर आ रहे थे, वे आज मतदान के दौरान नदारद क्यों रहे? नसीम बानो की हार को अल्पसंख्यक वोटों के अपमान के तौर पर देखा जा रहा है।







