Hometrendingजयमलसर में उमड़ा आस्था का सैलाब, गूंजे 'हर-हर महादेव' के जयकारे, विधायक...

जयमलसर में उमड़ा आस्था का सैलाब, गूंजे ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे, विधायक भाटी, व्यास व मेघवाल रहे मौजूद

AdAdAdAdAdAdAd

बीकानेर Abhayindia.com प्रकृति और आस्था के महापर्व हरियाली अमावस्या के अवसर पर बुधवार को ग्राम पंचायत जयमलसर शिवमय हो उठा। गांव के हृदय स्थल स्थित ऐतिहासिक कुएं के पास आयोजित भव्य रुद्राभिषेक में हजारों श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं ग्राम पंचायत जयमलसर के पूर्व सरपंच राम किशन आचार्य के सान्निध्य, उनके परिजनों एवं समस्त ग्रामवासियों के सानिध्य में संपन्न हुए इस आयोजन में राष्ट्र की सुख-शांति, प्रदेश की समृद्धि और किसानों की खुशहाली के लिए भगवान शिव शंकर से विशेष प्रार्थना की गई। इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने भी भाग लेकर आस्था को मजबूती दी। विधायक अंशुमान सिंह भाटी, विधायक जेठानंद व्यास एवं विधायक विश्वनाथ मेघवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। तीनों विधायकों के पहुंचने पर ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।

वैदिक ब्राह्मणों द्वारा वेद मंत्रोच्चार, शंख-घंटा-नाद और ढोल-नगाड़ों के बीच हुए रुद्राभिषेक में पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जल, दूध, दही, घी, शहद, बेलपत्र और धतूरा अर्पित कर मनोकामनाएं मांगी। महिलाओं ने सामूहिक भजन-कीर्तन कर माहौल को और भक्तिमय बना दिया। इस मौके पर विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने कहा कि हरियाली अमावस्या हमें प्रकृति से जोड़ने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती है। जयमलसर की इस पवित्र धरा पर हुए रुद्राभिषेक से निश्चय ही पूरे क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि का वास होगा। मैं भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना करता हूं कि प्रदेश का हर किसान खुशहाल हो, हर घर में सुख-समृद्धि आए और युवा वर्ग को रोजगार के अवसर मिलें।

विधायक जेठानंद व्यास ने पूर्व सरपंच आचार्य ने समाज को एक सूत्र में बांधने का बहुत बड़ा कार्य किया है। शिव पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं है, यह समाज में भाईचारा और एकता का प्रतीक है। बाबा भोले की कृपा से हमारे अन्नदाता की फसलें लहलहाएं, गांव की गलियां खुशहाल हों और सनातन धर्म का परचम पूरी दुनिया में लहराए। विधायक विश्वनाथ मेघवाल ने कहा कि आज हजारों लोगों की उपस्थिति इस बात का प्रमाण है कि हमारी जड़ें सनातन संस्कृति से कितनी गहरी जुड़ी हैं। हरियाली अमावस्या का दिन हमें संकल्प लेने का दिन है कि हम अधिक से अधिक वृक्ष लगाएंगे और पर्यावरण को बचाएंगे। शिव जी सबका कल्याण करें, गांव-गांव में शिक्षा और स्वास्थ्य की सुविधाएं बढ़ें।

रुद्राभिषेक के पश्चात महाप्रसाद का आयोजन किया गया। आयोजन में भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता, पंचायत प्रतिनिधि, सामाजिक संगठन और बड़ी संख्या में महिला-पुरुष एवं युवा शामिल हुए। सुबह से ही जयमलसर की गलियां केसरिया ध्वजों और बैनरों से सज गई थीं। ग्रामीणों ने कहा कि रामकिशन आचार्य जी के नेतृत्व में हुआ यह आयोजन क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। ऐसे आयोजन से न केवल धार्मिक चेतना बढ़ती है, बल्कि सामाजिक समरसता को भी बल मिलता है। कार्यक्रम के अंत में देश की सीमा पर तैनात वीर जवानों की कुशलता और राष्ट्र की अखंडता के लिए भी विशेष पूजा की गई। पूरा दिन “बम-बम भोले” और “हर-हर महादेव” के नारों से जयमलसर गूंजता रहा।

AdAdAdAd
- Advertisment -

Most Popular