बीकानेर Abhayindia.com हरियाली अमावस्या के पावन अवसर पर आज गोकुल सर्कल स्थित पंडित मनमोहन किराडू द्वारा स्थापित ब्रह्मा महाकालेश्वर महादेव मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन किया गया। पीठ से जुड़े एडवोकेट मदन गोपाल व्यास ने बताया कि इस बार हरियाली अमावस्या पर भगवान शिव का 15 किलो हरे मूंग से विशेष रुद्राभिषेक किया गया। अभिषेक पंडित संदीप किराडू और पंडित बसंत किराडू के वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ।
इस अवसर पर पूरे भैरव मंदिर को हरी पत्तियों, दूब और हरियाली से आकर्षक रूप से श्रृंगारित किया गया। शिवलिंग पर मूंग के साथ बिल्वपत्र, पुष्प और हरे वस्त्र अर्पित किए गए। रुद्राभिषेक के बाद भगवान को प्रसाद अर्पित किया गया और तत्पश्चात महाआरती की गई। अभिषेक में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। प्रमुख रूप से शंकर चुरा, महावीर, शुभकरण, राधा कृष्ण, आनंद, रघु व्यास, महेश, ब्रजमोहन मास्टरजी, रेवत सिंह सहित अन्य भक्तगणों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर पुण्य लाभ अर्जित किया। मंदिर समिति ने बताया कि हरियाली अमावस्या पर हरे मूंग से रुद्राभिषेक करने से सुख-समृद्धि और वर्षा की कामना की जाती है। वातावरण में हरियाली और भक्ति का संगम देखने को मिला।













