बीकानेरAbhayindia.com शिक्षा विभागीय कर्मचारी संघ राजस्थान, बीकानेर ने मंगलवार को शिक्षा निदेशालय में लम्बित मांगों को लेकर उपनिदेशक प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। संघ ने पदोन्नति के बाद अनुभाग आवंटन नहीं होने और परिवेदनाओं के निस्तारण नहीं होने पर नाराजगी जताई। शिक्षा विभागीय कर्मचारी संघ राजस्थान बीकानेर के प्रदेशाध्यक्ष कमल नारायण आचार्य और कोषाध्यक्ष नवरतन जोशी के नेतृत्व में संघ के पदाधिकारियों ने उपनिदेशक प्रशासन अशोक पारीक को निदेशक महोदय के नाम 2 ज्ञापन सौंपे।
पहला ज्ञापन : अनुभाग आवंटन की मांग
संघ ने मांग की कि शिक्षा निदेशालय में संस्थापन अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी, सहायक प्रशासनिक अधिकारी, वरिष्ठ सहायक और कनिष्ठ सहायक की पदोन्नति एवं स्थानान्तरण हो चुके हैं। लेकिन, इसके बावजूद निदेशालय में लम्बे समय से कार्मिकों का अनुभाग आवंटन लंबित है। इसके कारण राज्य सरकार को आर्थिक नुकसान हो रहा है। कार्मिकों की कार्यकुशलता का उपयोग नहीं हो पा रहा है संघ ने जल्द अनुभाग आवंटन कर कार्मिकों को कार्य पर लगाने की मांग की।
दूसरा ज्ञापन : परिवेदना निस्तारण और पदस्थापन में एकरूपता
1. पदोन्नति से पदस्थापन और स्थानान्तरण से पदस्थापन में दोहरे मापदण्ड अपनाए गए हैं, उन्हें निरस्त किया जाए
2. दूरदराज लगाए गए और गंभीर रोगों से ग्रस्त कार्मिकों की परिवेदनाओं का निस्तारण किया जाए
3. ऐसे कार्मिकों का उनके संभाग व जिलों में रिक्त स्थानों पर पदस्थापन किया जाए
संघ का कहना है कि ऐसा करने से आम कर्मचारी को राहत मिलेगी और आर्थिक नुकसान से भी बचा जा सकेगा। प्रदेशाध्यक्ष कमल नारायण आचार्य ने कहा कि यदि जल्द मांगों का समाधान नहीं हुआ तो संघ को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।













