बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर पुलिस ने सरहद पार से चल रहे नाक्रो-आर्म्स सिंडिकेट पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने भारत-पाक सीमा से सटे खाजूवाला क्षेत्र में ड्रोन के जरिए भेजी गई करोड़ों रुपये मूल्य की हेरोइन और विदेशी हथियारों की खेप को जब्त करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह खाजूवाला बॉर्डर क्षेत्र में पुलिस का अब तक का सबसे बड़ा सीजर है। यह खेप पंजाब भिजवाई जानी थी। पुलिस की सक्रियता से सरहद पार के नार्को-आर्म्स सिंडिकेट की नापाक कोशिश असफल हुई।
पुलिस ने मौके से 10 किलोग्राम 999 मार्क अफगान हेरोइन बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 50 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही 11 अत्याधुनिक हथियार जब्त किए गए जिनमें 2 तुर्की निर्मित ‘पेंडे’ पिस्टल, 04 ग्लोक पिस्टल, 05 स्टार मार्क .30 बोर पिस्टल शामिल हैं। साथ में 100 जिंदा कारतूस और 22 मैगजीन भी मिलीं। इस दौरान पुलिस ने पाली के जैतारण निवासी तस्कर विरेन्द्र सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ राजस्थान सहित अन्य राज्यों में 4 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। बाइक भी जब्त की गई है। पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने आज प्रेस कांफ्रेंस में इसकी जानकारी दी। एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि “ऑपरेशन SHOCKWAVE” के तहत सरहद पार के नाक्रो-आर्म्स सिंडिकेट की कमर तोड़ने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। बॉर्डर पर ड्रोन ड्रॉपिंग पर पुलिस की कड़ी नजर है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
टीम में शामिल
कार्रवाई में थानाधिकारी अशोक बिश्नोई, दीपक यादव सउनि, दिलीपसिंह सउनि, बाधूदेव हैडकांस्टेबल, देवेंद्र कुमार कानि. सहित डीएसटी टीम की विशेष भूमिका रही।













