जयपुर Abhayindia.com अंगदान जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए राजस्थान को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अंतर्गत नेशनल ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गेनाइजेशन ने 16वें इंडियन ऑर्गन डोनेशन डे के अवसर पर राजस्थान को स्टेट अवॉर्ड फॉर एक्सीलेंस इन ऑर्गन डोनेशन अवेयरनेस से सम्मानित करने की घोषणा की है।
प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ ने बताया कि यह सम्मान 3 अगस्त 2026 को नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में प्रदान किया जाएगा। समारोह में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल मुख्य अतिथि होंगी। उन्होंने बताया कि राजस्थान को यह सम्मान प्रदेश में अंगदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने, अंगदान को जनआंदोलन का स्वरूप देने तथा इस दिशा में किए गए प्रभावी जनसंपर्क एवं जागरूकता अभियानों के लिए प्रदान किया जा रहा है। यह उपलब्धि राज्य सरकार, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, राज्य अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन तथा अंगदान से जुड़े सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आमजन के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
राठौड़ ने बताया कि इस राष्ट्रीय सम्मान से प्रदेश में अंगदान के प्रति लोगों का विश्वास और सहभागिता और अधिक मजबूत होगी तथा अधिक से अधिक लोगों को जीवनदान देने के इस महाअभियान को नई गति मिलेगी।













