Hometrendingपांडुलिपियों में संरक्षित है भारतीय ज्ञान का वैभव, विद्यार्थियों ने जाना संरक्षण...

पांडुलिपियों में संरक्षित है भारतीय ज्ञान का वैभव, विद्यार्थियों ने जाना संरक्षण का महत्व

AdAdAdAdAdAdAd

बीकानेर Abhayindia.com भारतीय ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर पांडुलिपियों के संरक्षण, संवर्धन, सूचीकरण एवं डिजिटाइजेशन के उद्देश्य से संचालित राजस्थान प्राच्य विद्या प्रतिष्ठान में श्री जैन पब्लिक स्कूल गंगाशहर के 100 विद्यार्थियों एवं चार शिक्षकों ने शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने प्रतिष्ठान में संरक्षित 700 वर्ष से अधिक प्राचीन दुर्लभ पांडुलिपियों का अवलोकन किया तथा इनके संरक्षण, सूचीकरण, प्रकाशन एवं डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की।

प्रतिष्ठान के अधिकारी डॉ. नितिन गोयल ने विद्यार्थियों को पांडुलिपियों के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं ज्ञानपरक महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि ये पांडुलिपियां भारतीय ज्ञान परंपरा की महत्वपूर्ण संवाहक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा संचालित ज्ञान भारतम मिशन के उद्देश्यों एवं गतिविधियों से भी अवगत कराया।

डॉ. गोयल ने कहा कि इतिहास के पुनर्निर्माण में मूल स्रोतों के रूप में पांडुलिपियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इनमें इतिहास, साहित्य, धर्म, दर्शन, विज्ञान, चिकित्सा एवं सामाजिक जीवन से संबंधित बहुमूल्य ज्ञान संरक्षित है। विद्यार्थियों के लिए इन ऐतिहासिक स्रोतों को प्रत्यक्ष रूप से देखना और इनके संरक्षण की वैज्ञानिक प्रक्रिया को समझना उनके शैक्षणिक एवं व्यावहारिक ज्ञान को और अधिक समृद्ध करता है।

उन्होंने बताया कि राजस्थान प्राच्य विद्या प्रतिष्ठान द्वारा अपनी आउटरीच गतिविधियों के अंतर्गत नियमित रूप से विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों को शैक्षणिक भ्रमण के लिए आमंत्रित किया जाता है, ताकि नई पीढ़ी को भारतीय ज्ञान परंपरा, पांडुलिपियों एवं इतिहास निर्माण के मूल स्रोतों से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराया जा सके। शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने पांडुलिपियों के संरक्षण, सूचीकरण एवं डिजिटाइजेशन से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं को लेकर उत्सुकता के साथ जानकारी प्राप्त की और अनेक प्रश्न पूछे। इस शैक्षणिक भ्रमण को सफल बनाने में श्री जैन पब्लिक स्कूल के शिक्षक सोफिन अहमद एवं अन्य शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

AdAdAdAd
- Advertisment -

Most Popular