जयपुर Abhayindia.com राजस्थान में आज से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी व आसपास के लगे पश्चिम बंगाल, उत्तरी उड़ीसा तट पर आज भी गहरा अवदाब (Deep Depression) बना हुआ है। मानसून ट्रफ लाइन आज सामान्य स्थिति से होकर गुजर रही है। ऐसे में 28 जुलाई से पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने व मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।
इसी तरह 29 जुलाई से कोटा, भरतपुर, जयपुर, अजमेर, उदयपुर व बीकानेर संभाग के कुछ और भागों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। इस दौरान दक्षिण-पूर्वी व पूर्वी भागों में कहीं-कहीं भारी/अतिभारी बारिश होने की संभावना है। विभाग के अनुसार, 30 जुलाई से 2 अगस्त के दौरान भी पूर्वी व पश्चिमी राजस्थान के कुछ भागों में मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकांश भागों में मध्यम से तेज बारिश होने तथा कहीं-कहीं भारी /अतिभारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में भी 30 जुलाई से 2 अगस्त के दौरान पुनः मानसून सक्रिय होने तथा कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।













