बीकानेर Abhayindia.com ठाकुर श्री कुंजबिहारी जी एवं स्वामी हरिदासजी महाराज की असीम कृपा से धार्मिक, सामाजिक एवं सेवा कार्यों के साथ-साथ आगामी श्रीमद्भागवत कथा के सफल आयोजन के उद्देश्य से “श्री कुंजबिहारी हरिदास सेवा समिति” का गठन किया गया। समिति का कार्यालय जी-104, समता नगर, बीकानेर में रहेगा। समिति के पदाधिकारियों में हर्ष कंसल को अध्यक्ष, अश्विनी शर्मा, किशन गोयल एवं राजेश अग्रवाल (टोनी) को उपाध्यक्ष, ओम प्रकाश अग्रवाल को सचिव, राजीव अग्रवाल को सह सचिव, सुनील कंसल को कोषाध्यक्ष तथा सतपाल कंसल को संरक्षक नियुक्त किया गया। समिति के सदस्यों में शंभू गुप्ता, कमलेश कंसल (उत्तराखंड), अनिल मोहता (मुंबई) एवं अशोक कुमार खत्री शामिल हैं। समिति ने बताया कि शीघ्र ही अन्य सम्मानित सदस्यों को भी समिति से जोड़ा जाएगा।
गठन के उपरांत आयोजित प्रथम बैठक में समिति के भविष्य के कार्यों एवं संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि फाउंडर सदस्य का वार्षिक सहयोग शुल्क ₹11,000 तथा सामान्य सदस्य का सहयोग शुल्क ₹5,100 निर्धारित किया जाए। समिति का पैन (PAN) नंबर प्राप्त कर बैंक खाता खोला जाएगा, जिससे सभी वित्तीय कार्य पारदर्शी एवं व्यवस्थित रूप से संचालित किए जा सकें। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आगामी श्रीमद्भागवत कथा के आयोजन हेतु प्रतिष्ठित कथावाचकों से शीघ्र संपर्क कर कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जाएगी। साथ ही समिति की प्रत्येक माह नियमित बैठक आयोजित कर सेवा कार्यों, धार्मिक आयोजनों एवं सामाजिक गतिविधियों की समीक्षा एवं आगामी योजनाओं पर निर्णय लिया जाएगा।
समिति के अध्यक्ष हर्ष कंसल ने कहा कि समिति का उद्देश्य समाज में धार्मिक जागरण, सेवा भावना एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है। सभी सदस्यों ने ठाकुर श्री कुंजबिहारी जी से प्रार्थना की कि उनकी कृपा एवं आशीर्वाद से समिति निरंतर धर्म, सेवा एवं समाजहित के कार्यों में अग्रसर रहे तथा सभी आयोजन सफल, मंगलमय एवं जनकल्याणकारी सिद्ध हों।













