





अजमेर Abhayindia.com राजस्थान में तबादलों का मानसून देर रात जमकर बरसा। रेवेन्यू बोर्ड अजमेर में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए तहसीलदार, नायब तहसीलदार, भू-अभिलेख निरीक्षक, राजस्व लेखा सेवा, राजस्व अधीनस्थ लेखा सेवा, पटवारी सहित 1735 अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले के आदेश जारी किए।
रेवेन्यू बोर्ड अजमेर ने 552 तहसीलदारों के ट्रांसफर किए हैं। इनमें से अधिकांश अफसरों का जिला और पद बदले गए हैं। वहीं, कुछ तहसीलदारों को जिले में ही एडजस्ट किया गया है। 552 तहसीलदारों के ट्रांसफर के आदेश रजिस्ट्रार महावीर प्रसाद की ओर से जारी किए गए। बोर्ड ने प्रशासनिक स्तर पर एक बड़ा बदलाव करते हुए 924 पटवारियों के अंतरजिला तबादले के आदेश जारी किए गए।
इसी तरह राजस्व विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 165 भू-अभिलेख निरीक्षकों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। तबादला सूची तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। राजस्व मण्डल राजस्थान अजमेर के रजिस्ट्रार महावीर प्रसाद की ओर से जारी तबादला लिस्ट में कहा गया है कि अधिकारियों का विभिन्न जिलों और कार्यालयों में स्थानांतरण किया गया है। साथ ही अधिकारियों को शीघ्र कार्यमुक्त होकर नए पदस्थापन स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।
इन अधिकारियों को पदोन्नति के साथ मिली नई जिम्मेदारी
राजस्थान राजस्व लेखा सेवा के 14 अफसरों के तबादले और पदस्थापन के आदेश जारी किए हैं। शासन उप सचिव हरि सिंह मीना की ओर से जारी आदेश के अनुसार, सभी अधिकारियों को सहायक राजस्व लेखाधिकारी प्रथम से पदोन्नत कर राजस्व लेखाधिकारी बनाया गया है। इनमें अजमेर, जयपुर, सीकर, बीकानेर, नागौर, भरतपुर, भीलवाड़ा, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, कोटा और जोधपुर सहित कई जिलों में पदस्थापन किए गए हैं।








