Saturday, June 20, 2026
Homeबीकानेरछोटे और मध्यम व्यापारियों को नए बाजारों तक पहुंच दिलाएगा ‘ONDC डिजिदुकान’ : सीएम...

छोटे और मध्यम व्यापारियों को नए बाजारों तक पहुंच दिलाएगा ‘ONDC डिजिदुकान’ : सीएम भजनलाल

AdAdAdAdAdAdAdAdAd

जयपुर Abhayindia.com मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2015 में जिस डिजिटल इंडिया का सपना देखा था, आज वह हकीकत बन चुका है। जिस तरह यूपीआई से डिजिटल भुगतान में क्रांति आई है, उसी तरह आज ओएनडीसी से डिजीटल व्यापार में मजबूती आ रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि डिजिदुकान प्रदेश के व्यापारियों को डिजिटल बाजार से जोड़कर उनके व्यवसाय के विस्तार में सहायक सिद्ध होगा।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित जयपुर व्यापार महासंघ के कार्यक्रम में ओएनडीसी डिजिदुकान एप का शुभारंभ किया। इस अवसर पर व्यापारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार तकनीक, व्यापार और निवेश संवर्धन के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। ओपन नेटवर्क फॉर डिजीटल कॉमर्स से सबसे बड़ा लाभ खुदरा व्यापार, परिवहन और पर्यटन को मिल रहा है। इस ओपन नेटवर्क के माध्यम से स्थानीय व्यापारी आज करोड़ों डिजिटल खरीददारों तक पहुंच रहे हैं। देश के 80 प्रतिशत से अधिक मेट्रो टिकटिंग नेटवर्क का डिजिटल एकीकरण हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब फ्रांस के राष्ट्रपति के जयपुर दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने उन्हें चाय पिलाई थी और दुकानदार को यूपीआई से भुगतान किया था तो यह दुनिया के सामने भारत की डिजिटल क्रांति और हमारे छोटे व्यापारियों के सशक्त बनने का प्रदर्शन था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने डिजिटल इंडिया के माध्यम से डिजिटल तकनीक को आम नागरिक और छोटे व्यापारियों तक पहुंचा दिया है। जिसकी बदौलत आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से उभरती डिजिटल अर्थव्यवस्थाओं में शुमार हो चुका है। यूपीआई, डिजी-लॉकर, जीएसटी नेटवर्क, जनधन और डीबीटी जैसी पहल आर्थिक ताकत को बढ़ा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिदुकान से जुड़कर हमारे किराना कारोबारी अपनी लागत घटा सकते हैं, समय बचा सकते हैं और अपने लाभ को बढ़ा सकते हैं। इस प्लेटफॉर्म पर वितरकों को डिजिटल ऑर्डर और डिजिटल कलेक्शन की सुविधा मिल सकेगी। यह प्लेटफॉर्म व्यापार को अधिक पारदर्शी, प्रतिस्पर्धी और लाभकारी बनाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि ‘डिजिदुकान’ प्रदेश के व्यापारियों को डिजिटल बाजार से जोड़कर उनके व्यवसाय के विस्तार में सहायक सिद्ध होगा।

उन्होंने कहा कि आज समय के साथ व्यापार की प्रकृति बदल रही है, ग्राहक डिजिटल हो रहा है, भुगतान डिजिटल हो रहा है और अब आपूर्ति भी डिजिटल हो रही है। ऐसे में हमारे छोटे व्यापारी भी डिजिटल रूप से सशक्त हों, यह समय की आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि राजस्थान के व्यापारी डिजिटल क्रांति की इस पहल को पूरे उत्साह के साथ अपनाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान सदियों से व्यापार और उद्यमिता की भूमि रहा है। हमारे व्यापारियों ने देश और दुनिया में अपनी मेहनत, ईमानदारी और व्यावसायिक कौशल से अलग पहचान बनाई है। चाहे वस्त्र उद्योग हो या हस्तशिल्प, रत्न-आभूषण क्षेत्र हो या स्टार्टअप, राजस्थान के उद्यमियों ने हर क्षेत्र में अपनी उद्यमशीलता की छाप छोड़ी है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कारोबारियों अपने पारंपरिक उद्यमों में डिजिटल तकनीक को भी अपनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार व्यापार, उद्योग और निवेश बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के माध्यम से हमारी सरकार ने 35 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौते किए हैं। इनमें से करीब 9 लाख करोड़ की प्रोजेक्ट्स की ग्राउंड ब्रेकिंग भी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि कारोबारी सुगमता के लिए प्रदेश में राजस्थान ट्रेड प्रमोशन पॉलिसी 2025 जैसी 35 से अधिक नीतियां लागू की गई हैं।

उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि राजस्थान सरकार व्यापार और व्यापारियों के हित में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश और व्यापार के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध है तथा विकसित राजस्थान के निर्माण में व्यापारियों को समय के अनुरूप स्वयं को ढालते हुए सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने व्यापारियों से आधुनिक तकनीक और डिजिटल माध्यमों को अपनाकर नए अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुनील जे. सिंघी संबंधित विभागों के अधिकारी सहित बड़ी संख्या में व्यापारीगण उपस्थित रहे।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!