








जयपुर Abhayindia.com राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने आज बड़ी कार्रवाई करते हुए जयपुर नगर निगम के पशुधन निरीक्षक सुरेंद्र कुमावत को छह हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोच लिया है। यह कार्रवाई एक व्यवसायी की शिकायत पर की गई।
एसीबी के अनुसार, जयपुर के एक शिकायतकर्ता ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम के समक्ष उपस्थित होकर एक लिखित शिकायत दर्ज करवाई थी। परिवादी ने अपनी शिकायत में बताया था कि वह जयपुर नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत अपनी एक चिकन (मीट) की दुकान संचालित करना चाहता है, जिसके वैध संचालन के लिए उसे नगर निगम से आधिकारिक लाइसेंस की आवश्यकता थी। इस चिकन की दुकान का लाइसेंस जारी करने और फाइल को आगे बढ़ाने की एवज में नगर निगम के पशुधन निरीक्षक सुरेंद्र कुमावत ने परिवादी को परेशान करना शुरू किया और सीधे तौर पर घूस की मांग रख दी। परिवादी ने इसकी शिकायत एसीबी को कर दी। एसीबी की तकनीकी टीम ने शिकायत का सत्यापन करवाया। इस दौरान आरोपी पशुधन निरीक्षक सुरेंद्र कुमावत द्वारा रिश्वत की मांग किए जाने की पुष्टि हो गई। इसके तुरंत बाद घूसखोर अधिकारी को दबोचने के लिए एक विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया।


