Friday, June 5, 2026
Hometrendingमानसून पूर्व तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने ली अधिकारियों की बैठक, नालों...

मानसून पूर्व तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने ली अधिकारियों की बैठक, नालों की सफाई एवं जल निकासी दुरुस्त करने के निर्देश

AdAdAdAdAdAdAdAdAdAd

बीकानेर Abhayindia.com आगामी मानसून को देखते हुए जिला कलेक्टर निशांत जैन ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नगर निगम एवं बीकानेर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों की बैठक लेकर शहर में जलभराव की संभावित स्थिति से निपटने के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को मानसून आगमन से पूर्व सभी प्रमुख नालों एवं नालियों की सफाई कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिला कलेक्टर ने कहा कि वर्षा के दौरान शहर में जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने विशेष रूप से उन स्थानों की पहचान कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जहां पूर्व वर्षों में जलभराव की स्थिति बनी रही है।

बैठक में जिला कलेक्टर ने नगर निगम एवं बीकानेर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को जल निकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए ड्रेनेज सिस्टम की नियमित निगरानी करने तथा आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सफाई कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। जिला कलेक्टर ने कहा कि मानसून से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

इससे पूर्व निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलानीचामी व निगम के अधीक्षण अभियंता श्री चिराग गोयल ने शहर के जल भराव वाले प्रमुख स्थानों वल्लभ गार्डन, निगम के सामने, सुजानदेसर, खुदखुदा आश्रम, कोठारी हॉस्पिटल के पास, ढोला मारू के पास, माणक गेस्ट हाउस, किसमीदेसर, गंगाशहर रोड़, चौखूंटी पुलिया, कोटगेट, पुलिस लाइन चौराहा, जयपुर रोड़ पर सोफिया स्कूल के सामने इत्यादि जगहों पर बारिश से पूर्व लघु अवधि में किए जाने वाले व दीर्घकालिक किए जाने वाले कार्यों के बारे में जिला कलेक्टर को विस्तार से जानकारी दी। साथ ही बताया कि शहर के प्रमुख नालों की सफाई के टेंडर हो चुके। नालों की सफाई का कार्य चल रहा है।

बैठक में नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलानीचामी, एडीएम प्रशासन उम्मेद सिंह रतनू, एसडीएम बीकानेर आईएएस महिमा कसाना, निगम उपायुक्त सुमित्रा बिश्नोई, दमयंती कंवर, सचिव जगमोहन हर्ष, बीडीए अधिशाषी अभियंता वंदना शर्मा, हाउसिंग बोर्ड के आवासीय अभियंता उस्मान गनी समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!