Wednesday, June 3, 2026
Hometrendingराजस्थान पुलिस का 'मेगा नाकाबंदी' अभियान, शराब पीकर वाहन चलाने वाले 385...

राजस्थान पुलिस का ‘मेगा नाकाबंदी’ अभियान, शराब पीकर वाहन चलाने वाले 385 चालकों पर गिरी गाज

AdAdAdAdAdAdAdAdAdAd

जयपुर Abhayindia.com महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार राजस्थान पुलिस ने अपराध नियंत्रण, असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने और यातायात नियमों की कड़ाई से पालना सुनिश्चित करने के लिए सोमवार 01 जून को पूरे प्रदेश में व्यापक नाकाबंदी अभियान चलाया।

अतिरिक्त महानिदेशक (लॉ एंड ऑर्डर) वीके सिंह ने बताया कि इस अभियान के दौरान राज्य के सभी रेंज और कमिश्नरेट क्षेत्रों में कुल 1103 नाकाबंदी पॉइंट स्थापित किए गए। पुलिस टीमों ने मुस्तैदी दिखाते हुए कुल 39,984 दुपहिया और 34,888 चौपहिया वाहनों की सघन चेकिंग की गई जबकि 226 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

एडीजी सिंह ने बताया कि विशेष अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 15,083 चालान बनाए गए। इनमें बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 3234, बिना सीट बेल्ट 1648, मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाने वाले 184, नंबर प्लेट संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वाले 1653, काली फिल्म लगे वाहनों के 1643 तथा अन्य श्रेणियों में 6433 चालान शामिल हैं। शराब पीकर वाहन चलाने वाले 385 वाहन चालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई।

यातायात चेकिंग के साथ-साथ पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखी, जिसके परिणाम स्वरूप 11 वाहन जब्त किए गए तथा 73 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें आर्म्स एक्ट के 4, आबकारी अधिनियम के 30, एनडीपीएस एक्ट के 2 तथा अन्य विशेष एवं स्थानीय कानूनों के 37 मामले शामिल हैं। अभियान के दौरान दर्ज प्रकरणों में 63 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर 163 व्यक्तियों को बीएनएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया गया।

जांच और धरपकड़ के दौरान कई महत्वपूर्ण बरामदगियां भी हुईं। जयपुर रेंज में पांच वाहन और 25.50 लाख रुपये की नकदी जब्त की गई। भरतपुर रेंज में अवैध रेत परिवहन में प्रयुक्त ट्रैक्टर तथा बड़ी मात्रा में देशी शराब पकड़ी गई। कोटा रेंज में अवैध शराब, डोडा चूरा, वाहन और स्पीकर एम्प्लीफायर जब्त किए गए। बीकानेर रेंज में अवैध शराब और वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

रेंजवार प्रदर्शन की स्थिति

नाकाबंदी अभियान में जयपुर रेंज सबसे आगे रही, जहां 2492 चालान बनाए गए। इसके बाद अजमेर रेंज में 2229, भरतपुर रेंज में 2145, उदयपुर रेंज में 2051, कोटा रेंज में 1796, बीकानेर रेंज में 1572 तथा जोधपुर रेंज में 1470 चालान बनाए गए। जयपुर और जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्रों में क्रमशः 990 और 338 चालान किए गए। वाहन जांच के मामले में भी जयपुर रेंज अग्रणी रही, जहां 13,589 वाहनों की जांच की गई। उदयपुर रेंज में 12,234, अजमेर में 10,205, भरतपुर में 9,081 तथा जोधपुर रेंज में 8,079 वाहनों की जांच की गई।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!