Thursday, May 14, 2026
Hometrendingराष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप में बीकानेर के रवि व्यास पारीक ने जीता गोल्ड

राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप में बीकानेर के रवि व्यास पारीक ने जीता गोल्ड

AdAdAdAdAdAdAdAdAd

बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर के निशानेबाज रवि व्यास पारीक ने राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए शहर और प्रदेश का नाम रोशन किया है। राजधानी दिल्ली स्थित डॉ करणी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित 24वीं कुमार सुरेन्द्र सिंह मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप के पिस्टल इवेंट में रवि व्यास ने 10 मीटर मेन पिस्टल सीनियर मास्टर कैटेगरी में गोल्ड मेडल जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की। देशभर से आए प्रतिभागियों के बीच हुए कड़े मुकाबले में रवि व्यास ने सटीक निशानेबाजी और आत्मविश्वास के दम पर शीर्ष स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के दौरान उन्होंने लगातार बेहतरीन स्कोर करते हुए निर्णायक बढ़त बनाई और स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

रवि व्यास का प्रदर्शन केवल 10 मीटर स्पर्धा तक ही सीमित नहीं रहा। उन्होंने कुछ महीने पहले अहमदाबाद में आयोजित 50 मीटर प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। एक ही राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दो अलग-अलग स्पर्धाओं में पदक जीतना उनके अनुभव, मेहनत और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है। रिटायरमेंट के बाद शूटिंग खेल में लगातार मेहनत कर रहे रवि व्यास की इस उपलब्धि से बीकानेर के खेल जगत में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने की शुभकामनाएं दी हैं।

गौरतलब है कि कुमार सुरेन्द्र सिंह मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप देश की प्रतिष्ठित शूटिंग प्रतियोगिताओं में शामिल मानी जाती है, जिसमें देशभर के अनुभवी और उभरते हुए निशानेबाज भाग लेते हैं। ऐसे प्रतिष्ठित मंच पर बीकानेर के खिलाड़ी द्वारा स्वर्ण पदक जीतना शहर के लिए गर्व की बात मानी जा रही है।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!