Wednesday, May 13, 2026
Hometrendingबीकानेर में पर्यटन की अपार संभावनाएं : सितम्बर में प्रस्तावित ‘रम्मत महोत्सव’,...

बीकानेर में पर्यटन की अपार संभावनाएं : सितम्बर में प्रस्तावित ‘रम्मत महोत्सव’, रायसर बनेगा ‘रूरल टूरिज्म’ हब

AdAdAdAdAdAdAdAdAd

बीकानेर Abhayindia.com जिला कलक्टर निशांत जैन ने कहा कि पर्यटन मानचित्र पर जिले को विशेष पहचान मिले, इसके मद्देनजर सभी विभाग पूर्ण जिम्मेदारी और समन्वय से कार्य करें। जिला कलक्टर ने बुधवार को जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक में यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बीकानेर में पर्यटन विकास की अनेक संभावनाएं हैं। इसके मद्देनजर प्रभावी योजना बनाकर कार्य किया जाए।

उन्होंने पर्यटन विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की और कहा कि लोक कलाकारों को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी गंभीरता पूर्वक कार्य किया जाए। उन्होंने लोक कला कारवां योजना के तहत पंजीकृत लोक कलाकारों की जानकारी ली और विभाग से जुड़े कलाकारों को मुख्यमंत्री विश्वकर्मा पेंशन योजना के तहत लाभांवित करने के लिए पर्यटक स्वागत केन्द्र में विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने कहा कि होली के अवसर पर बीकानेर शहरी परकोटे में मंचित होने वाली रम्मतें देशभर में विशेष पहचान रखती हैं। देशी-विदेशी पर्यटकों को लोकनाट्य की इस विधा से रूबरू करवाने के लिए बजट घोषणा की अनुपालना में ‘रम्मत महोत्सव’ आयोजित किया जाएगा। विश्व पर्यटन दिवस के आस-पास इसका आयोजन प्रस्तावित करते हुए उन्होंने इससे जुड़ी तैयारियां करने के निर्देश दिए। संयुक्त निदेशक पर्यटन श्री अनिल राठौड़ ने बताया कि महोत्सव के दौरान शहर की प्रमुख रम्मतों का मंचन किया जाएगा।

जिला कलक्टर ने बताया कि रायसर को ‘रूरल टूरिज्म’ हब के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए यहां 2 करोड़ 16 लाख रुपए की लागत से आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि कोलायत सरोवर के जनाना घाट निर्माण के लिए श्यामा प्रसाद उत्थान मिशन के लिए 4 करोड़ रुपए के प्रस्ताव सरकार को भिजवाए गए हैं। उन्होंने देशनोक के करणी माता मंदिर में स्वदेश दर्शन योजना के तहत अब तक करवाए गए कार्यों का फीडबैक लिया तथा सभी कार्य समयबद्ध करवाने के निर्देश दिए। सूरसागर झील के विकास के लिए सरकार को भिजवाए गए प्रस्ताव की जानकारी ली।

देवस्थान विभाग करवाएगा 
मंदिरों में विकास कार्य

जिला कलक्टर ने बताया कि बजट घोषणा की अनुपालना में लक्ष्मीनाथ मंदिर, मुरली मनोहर मंदिर, हनुमान मंदिर और शीतला माता मंदिर में लगभग 5.93 करोड़ रुपए के विकास कार्य करवाए जाएंगे। इस संबंध में समयबद्ध कार्यवाही के लिए उन्होंने देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त को निर्देशित किया। जिला कलक्टर ने कहा कि जिले में पर्यटन उद्योग से संबंधित निवेशकों से नियमित समन्वय रखा जाए। इन्हें बेवजह परेशानी नहीं हो, इसके लिए उनसे सतत संवाद बनाए रखें। उन्होंने राइजिंग राजस्थान के तहत किए गए एमओयू के क्रियान्वयन के बारे में भी जाना।

इस साल के पहले चार महीनों में 
आए 1 लाख 40 हजार पर्यटक

बैठक में बताया गया कि वर्ष 2025 में जिले में 3 लाख 91 हजार 323 देशी तथा 35 हजार 853 विदेशी पर्यटक बीकानेर आए। वहीं इस वर्ष अप्रैल तक 1 लाख 28 हजार 477 देशी तथा 14 हजार 160 विदेशी पर्यटक बीकानेर आए हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटकों को बीकानेर से जुड़े पर्यटक स्थलों एवं लोक कलाओं की जानकारी रहे, इसके मद्देनजर डिजिटल प्लेटफाॅम्र्स पर भी इन्हें प्रचारित किया जाए। बैठक के दौरान बीकानेर के पर्यटन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!