






बीकानेर Abhayindia.com बीकाजी ग्रुप के संस्थापक एवं बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के अध्यक्ष शिवरतन अग्रवाल (फन्ना बाबू) के निधन पर व्यापारियों ने गहरा शोक जताया है। बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के अध्यक्ष जुगल राठी ने बताया कि फन्ना बाबू के निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए 24 अप्रैल 2026 को दोपहर 2:00 बजे तक बीकानेर के समस्त व्यापारिक एवं औद्योगिक प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की गई है।
राठी ने कहा कि अग्रवाल का निधन न केवल व्यापार एवं उद्योग जगत, बल्कि पूरे बीकानेर के लिए अत्यंत दुःखद एवं स्तब्ध करने वाला है। बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के पूर्व अध्यक्ष के रूप में उनकी सेवाएं अतुलनीय रही हैं। उन्होंने बीकानेर के सामाजिक, धार्मिक एवं सेवा कार्यों में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि फन्ना बाबू ने बीकानेर के भुजिया, पापड़ एवं नमकीन उद्योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे शहर की प्रतिष्ठा देश-विदेश में और अधिक सुदृढ़ हुई। फन्ना बाबू का व्यक्तित्व अनेक श्रेष्ठ गुणों का अद्भुत संगम था—उनकी उदारता ने सदैव जरूरतमंदों को संबल दिया, दूरदर्शिता ने उद्योग जगत को नई दिशा प्रदान की तथा एक सफल उद्योगपति के रूप में उन्होंने बीकानेर का नाम देशभर में गौरवान्वित किया। उनका सरल स्वभाव, विनम्रता एवं सहयोग की भावना सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी।
व्यापार मंडल के सचिव संजय जैन सांड ने बताया कि सन 2009 से 2018 तक 10 वर्ष उनका शानदार अध्यक्ष कार्यकाल रहा। उनके मार्गदर्शन, अनुभव एवं समर्पण ने व्यापारिक एवं सामाजिक क्षेत्र को नई दिशा प्रदान की, जिसके लिए उनका नाम सदैव चिरस्मरणीय रहेगा।


