






जयपुर Abhayindia.com राजस्थान में गर्मी का अहसास दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। इसके चलते आम जनजीवन भी बुरी तरह प्रभावित होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है।
विभाग के अनुसार, पूर्वी राजस्थान में 19 से 22 अप्रैल तक लू चलने की आशंका है, जबकि पश्चिमी राजस्थान में 21 और 22 अप्रैल को लू का प्रभाव ज्यादा रह सकती है। इस दौरान तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। प्रदेश की राजधानी जयपुर, कोटा और उदयपुर में तेज गर्मी महसूस होगी, जबकि बीकानेर और जैसलमेर में लू का असर ज्यादा रहेगा। बीते 24 घंटे में जैसलमेर, जोधपुर, बाड़मेर, बीकानेर, फलोदी में हल्के बादल छाए रहे। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ के अलावा जैसलमेर में सुबह से दोपहर तक कुछ स्थानों पर धूलभरी हवा चली। जबकि कोटा, जयपुर, भरतपुर, अजमेर और उदयपुर संभाग के एरिया में दिनभर आसमान साफ रहा और तेज धूप रही।


