Friday, April 24, 2026
Hometrendingगोविंदराम की अशोक गहलोत से हो रही मुलाकातों से सियासी पारा हुआ...

गोविंदराम की अशोक गहलोत से हो रही मुलाकातों से सियासी पारा हुआ हाई, वीडियो की “आग” पर पड़ रहे छींटे

AdAdAdAdAdAdAd

बीकानेर Abhayindia.com सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो को लेकर विवादों में फंसे पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता गोविंदराम मेघवाल की बीते एक सप्‍ताह में तीन बार पूर्व मुख्‍यमंत्री अशोक गहलोत से हुई मुलाकात ने बीकानेर की राजनीति में चर्चा का बाजार तेज कर दिया है। आपको बता दें कि पूर्व मंत्री गोविंदराम ने सबसे पहले गहलोत से मुलाकात उस समय की जब विवादित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ ही था। इसके बाद वे उनसे दो बार और मिल चुके हैं। बुधवार को हुई गहलोत से मुलाकात के दौरान शहर महिला कांग्रेस अध्‍यक्ष शशिकला राठौड़, यूथ कांग्रेस के नेता शब्‍बीर खान, पूर्व पार्षद आजम खान उनके साथ मौजूद रहे।

आपको बता दें कि इससे पहले वे अपनी बेटी सरिता चौहान के साथ उनसे मिले थे। बताया जा रहा है कि विवादित वीडियो को लेकर बीकानेर में दिवंगत कांग्रेस नेता रामेश्‍वर डूडी के समर्थक पिछले कई दिनों से गोविंदराम से माफी मांगने तथा पार्टी आलाकमान से उनके विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं। इसे लेकर हाल में कलक्‍ट्रेट के समक्ष विरोध प्रदर्शन भी किए गए। इसी के दबाव के चलते पूर्व मंत्री गोविंदराम लगातार पूर्व सीएम गहलोत के संपर्क में बने हुए है। इस बीच, उन्‍होंने विरोध प्रदर्शन करते हुए अपनी ताकत भी दिखाई थी। पार्टी के जानकारों की मानें तो कथित वीडियो को लेकर पार्टी आलाकमान अभी तक हरकत में नहीं आया है। इससे डूडी समर्थक मायूस नजर आ रहे हैं। जिस तरह से डूडी समर्थकों ने इस मुद्दे को हवा दी थी उससे एकबारगी यह लग रहा था कि पार्टी जल्‍द ही इस पर एक्‍शन मोड पर आएगी, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। अभी तक के घटनाक्रम पर गौर किया जाए तो यह साफ हो जाएगा कि पार्टी इस मामले को तूल देने के बजाय ठंडा रखने का मन बना चुकी है। गोविंदराम और अशोक गहलोत की मुलाकातें भी इस ओर इशारा कर रही है। गोविंदराम मेघवाल हालांकि इन मुलाकातों को “शिष्टाचार मुलाकात” करार दे रहे हैं लेकिन इसके राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं।

बहरहाल, विवादित वीडियो को लेकर डूडी समर्थक अभी शांत नहीं हुए है। वे लगातार पार्टी के दिग्‍गज नेताओं से मिलकर गोविंदराम पर कार्रवाई करने का दबाव बना रहे हैं। हाल में कांग्रेस नेता भंवर कूकणा, दिवंगत डूडी के भतीजे अतुल डूडी ने भी पार्टी नेताओं से संपर्क कर मामले में हस्‍तक्षेप करने की मांग की है। अब यह देखना दिलचस्‍प होगा कि गोविंदराम व डूडी समर्थकों के आमने-सामने की स्थिति आगे किस तरह नजर आएगी। आगामी निकाय व पंचायतराज चुनावों के मद्देनजर पार्टी के आला नेता यही चाहेंगे कि जैसे-तैसे यह मुद्दा शांत पड़ जाए।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!