Friday, April 24, 2026
Hometrendingश्री बजरंग धोरा धाम में हनुमान जन्‍मोत्‍सव की धूम, 24 घंटे खुले...

श्री बजरंग धोरा धाम में हनुमान जन्‍मोत्‍सव की धूम, 24 घंटे खुले रहे दर्शन

AdAdAdAdAdAdAd

बीकानेर Abhayindia.com श्री बजरंग धोरा धाम में आज हनुमान जन्मोत्सव का भव्य आयोजन भक्तिमय वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। दिनभर चले धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया। श्री बजरंग धोरा विकास समिति के आशीष दाधीच ने बताया कि इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी और विशेष सजावट से सजाया गया। सजावट के लिए जयपुर से मंगवाए गए विशेष फूलों ने धाम की शोभा को और भी दिव्य बना दिया। पंडित ब्रजमोहन दाधीच द्वारा हनुमान प्रतिमा का विधिवत अभिषेक कर विशेष श्रृंगार किया गया तथा भव्य दरबार सजाया गया, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा।

Shri Bajrang Dhora Dham
Shri Bajrang Dhora Dham

इस अवसर पर मंदिर के संस्थापक रामचंद्र दाधीच की पुण्य स्मृति में, तथा ओमप्रकाश दाधीच एवं सरला देवी दाधीच की मूर्तियों का पुजारी परिवार द्वारा विधिवत पूजन किया गया। मंदिर के प्रधान पुजारी मनमोहन दाधीच ने बताया कि दोपहर 12 बजे महाआरती के पश्चात बाबा को 551 किलो बूंदी प्रसाद का भोग अर्पित किया गया, जिसे बाद में श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। समिति के सचिव आशीष दाधीच ने बताया कि बाबा को छप्पन भोग अर्पित किए गए तथा सायंकाल 7:45 बजे भव्य आरती का आयोजन हुआ। मेले के दौरान लक्ष्मण पारीक एंड पार्टी द्वारा प्रस्तुत भजनों ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया, जिसमें श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए।

अनुज दाधीच ने बताया कि भक्तों की सुविधा के लिए कार्यकर्ताओं की विशेष टीम तैनात रही। मंदिर समिति एवं प्रशासन के सहयोग से सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए, जिससे कार्यक्रम सुचारू रूप से सम्पन्न हुआ। हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर बाबा के 24 घंटे दर्शन खुले रहे, जिसका लाभ हजारों श्रद्धालुओं ने लिया। साथ ही सेवादारों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए चाय, पानी एवं नाश्ते की निःशुल्क व्यवस्था भी पूरे समय जारी रही, जो सेवा भाव का उत्कृष्ट उदाहरण बनी।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!