






बीकानेर Abhayindia.com पीबीएम अस्पताल में निजी एजेंसी के माध्यम से लगे सुरक्षाकर्मी ने आज सुबह कार्य बहिष्कार करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। सुरक्षाकर्मियों का कहना है कि उन्हें न तो समय पर वेतन मिल रहा है और न ही अन्य सुविधाएं मिल रही है। इस संबंध में अस्पताल प्रशासन को अवगत करवाने के बावजूद उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। ऐसे में उन्हें विरोध प्रदर्शन करने पर मजबूर होना पड रहा है।
सुरक्षाकर्मियों ने बताया कि पिछले लंबे समय से उनके वेतन में भी कोई बढोतरी नहीं हो रही है। नई कंपनी सात हजार रुपए दे रही है जबकि इससे पहले साढे सात हजार रुपए मिल रहे थे। हमारी मांग है कि वेतन बढाया जाए लेकिन उलटे वेतन घटाया जा रहा है। कर्मचारियों ने कहा कि निजी एजेंसी मनमर्जी से डयूटी करवा रहे हैं। पीएफ और ईएसआई भी नहीं काटा जा रहा है।
इधर, निजी एजेंसी के प्रतिनिधि सुमेर सिंह ने बताया कि सुरक्षाकर्मियों की मांगों को लेकर कल सहमति बन गई थी। जिसके तहत वेतन, यूनिफार्म, अवकाश संबंधी सुविधाएं देने की बात हुई थी। इस पर सभी कर्मचारी सहमत भी हो गए। जहां तक पीएफ व ईएसई की बात है तो इसी महीने ही एजेंसी ने काम शुरू किया है। इसलिए यह नहीं काटने की बात ही सही नहीं है। इसके बावजूद कुछ लोग विरोध जता रहे हैं।


