






बीकानेर Abhayindia.com शिक्षा विभागीय कर्मचारी संघ राजस्थान, बीकानेर के प्रदेशाध्यक्ष कमल नारायण आचार्य ने संस्थापन, प्रशासनिक एवं अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारियों की वर्ष 2017-18 से 2024-25 की रिव्यु डीपीसी एवं वर्ष 2025-26 की नियमित डीपीसी के लिए शासन से मार्गदर्शन के अभाव में शिक्षा विभाग में डीपीसी के कार्य अवरूद्ध होने के सम्बन्ध में शासन सचिव (कार्मिक), शासन सचिव स्कूल शिक्षा, निदेशक, माध्यमिक शिक्षा को ईमेल के द्वारा ज्ञापन भेजे हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने इस संबंध में अतिरिक्त निदेशक प्रशासन शैलेन्द्र देवड़ा से वार्ता भी की।
आचार्य ने ज्ञापन में अवगत कराया है कि माध्यमिक शिक्षा निदेशालय से शासन को पत्र मार्गदर्शन के लिए भेजे गये थे, परन्तु अभी तक शासन स्तर से मार्गदर्शन प्राप्त नहीं हुआ है जिसके कारण विभाग में रिव्यु एवं नियमित डीपीसी का कार्य अवरूद्ध हो गया है। डीपीसी अवरूद्ध होने के कारण मंत्रालयिक संवर्ग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है वहीं विभाग में प्रशासनिक व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
उल्लेखनीय है कि अन्य विभागों में डीपीसी एवं रिव्यु डीपीसी का कार्य निर्बाध रूप से जारी है परन्तु शिक्षा विभाग इससे वंचित है। ज्ञातव्य है कि मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री एवं मुख्य सचिव स्तर से डीपीसी का कार्य वरियता देने के निर्देश जारी हो रहे हैं एवं शिक्षा निदेशक द्वारा भी सार्वजनिक रूप से मंचों पर 31.03.2026 तक समस्त रिव्यु एवं नियमित डीपीसी कराने की घोषणा की जाती रही है साथ ही संगठन भी बार-बार आपसे अनुरोध करता रहा है।
आचार्य ने बताया कि पत्र में संगठन एतद् द्वारा पुरजोर मांग की गई है कि मामले की गम्भीरता को देखते हुए शासन स्तर से वांछित मार्गदर्शन तत्काल जारी कर रिव्यु एवं नियमित डीपीसी के कार्य में हो रही बाधा का समाधान किया जाकर संगठन को अवगत कराया जाए। आचार्य ने बताया कि इस सम्बन्ध में आज अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) शैलेन्द्र देवड़ा को ज्ञापन की प्रति सौंप कर समस्त स्थितियों से अवगत कराया गया। वार्ता के दौरान अतिरिक्त निदेशक ने ज्ञापन पर त्वरित कार्यवाही करते हुए अवगत कराया कि 27.02.2026 शुक्रवार को सम्बन्धित अधिकारियों की आवश्यक बैठक बुलाकर एवं शासन स्तर पर भी वार्ता कर मामले का निस्तारण किया जायेगा।


