






बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर रेंज में 1161 योग्य पुलिस कार्मिकों को पदोन्नति का लाभ मिल गया है। आपको बता दें कि रेंज में पुलिस कार्मिकों की विभागीय पदोन्नति परीक्षाएं लंबे समय से लंबित थीं, समय पर पदोन्नति परीक्षाएं नहीं होने के कारण अनेक योग्य एवं पात्र पुलिसकर्मी वर्षों से पदोन्नति से वंचित रह रहे थे तथा कुछ कार्मिक बिना पदोन्नति पाये ही सेवानिवृत हो रहे थे। समय पर पदोन्नति नहीं होने से कार्मिकों का मनोबल एवं कार्य दक्षता प्रभावित होना स्वाभाविक है। पुलिस मुख्यालय स्तर पर समय पर हो रही वरिष्ठ पदों पर पदोन्नति व रेंज स्तर पर समय पर पदोन्नति नहीं होने से रेंज में उप निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक एवं हैड कांस्टेबल के अनेक पद रिक्त हो गए, जिससे रेंज के पुलिस थानों में अनुसंधान अधिकारियों की काफी कमी हो गई थी, परिणामस्वरूप उपलब्ध अनुसंधान अधिकारियों पर कार्यभार अधिक होने से मानसिक तनाव बढ़ने और प्रकरणों के अनुसंधान में विलंब होने लगा। न्याय की अपेक्षा रखने वाले परिवादियों को समय पर राहत न मिलने से निराशा की स्थिति उत्पन्न हो रही थी तथा आमजन में पुलिस की छवि भी प्रभावित हो रही थी।
हेमन्त शर्मा, महानिरीक्षक पुलिस, बीकानेर रेंज द्वारा पदभार ग्रहण करते ही पदोन्नति के इंतजार में बैठे कार्मिकों की भावनाओं को समझते हुए लंबित विभागीय पदोन्नति परीक्षाओं की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर प्रारंभ किया। अब तक कुल 1161 योग्य पुलिस कार्मिकों को पदोन्नति का लाभ मिल गया है जिससे रेंज के पुलिस बल में एक नई सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ। इसके अतिरिक्त अधीनस्थ जिलों में वर्ष 2022-23 की कांस्टेबल से हैड कांस्टेबल पद की लगभग 285 पदों की पदोन्नति प्रक्रियाधीन है। उक्त पदोन्नति परीक्षाओं के सम्पन्न होने से पुलिस कार्मिकों के मनोबल में उल्लेखनीय वृद्धि हुई व रिक्त पदों की पूर्ति से अनुसंधान अधिकारियों की पर्याप्त उपलब्धता होने से लंबित प्रकरणों के निस्तारण में तीव्रता आई है जिससे न्याय की आस लगाये परिवादियों को समय पर न्यायिक राहत मिलने लगी है तथा आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास एवं सकारात्मक छवि सुदृढ़ हुई।


