






जयपुर Abhayindia.com भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने लालकोठी स्थित पेंशन विभाग में बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक लेखाधिकारी (एएओ-II) राजेश कुमार खंडेलवाल को दस हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी सहायक लेखाधिकारी एक मृत कर्मचारी की विधवा को उसकी जायज पेंशन दिलवाने और बकाया एरियर पास करने के बदले नकद राशि और एरियर का 10 प्रतिशत हिस्सा मांग रहा था।
एसीबी के अनुसार, एक परिवादी ने ब्यूरो की जयपुर इकाई में शिकायत दर्ज कराई थी। परिवादी के पिता की मृत्यु के बाद उसकी माता नियमानुसार पूर्ण पेंशन की हकदार थी, लेकिन विभाग द्वारा उन्हें पूरी पेंशन नहीं दी जा रही थी। जब परिवादी ने इस संबंध में पेंशन विभाग लालकोठी में तैनात एएओ राजेश कुमार खंडेलवाल से संपर्क किया, तो आरोपी ने मदद करने के बजाय सौदेबाजी शुरू कर दी। आरोपी ने कहा कि उसे 10,000 रुपये नकद चाहिए और जो भी एरियर राशि (Arrears) पास होगी, उसका 10 प्रतिशत हिस्सा उसे रिश्वत के रूप में देना होगा। इसकी शिकायत मिलने के बाद एसीबी जयपुर रेंज के डीआईजी आनंद शर्मा के सुपरविजन में शिकायत का गोपनीय सत्यापन करवाया गया। सत्यापन के दौरान रिश्वत की मांग की पुष्टि हुई। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्ञानप्रकाश नवल के नेतृत्व में एसीबी टीम ने लालकोठी स्थित कार्यालय में जाल बिछाया गया और आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोच लिया गया।


