






बीकानेर Abhayindia.com उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, प्रयागराज एवं बीकानेर विकास प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में केंद्र के निदेशक सुदेश शर्मा द्वारा परिकल्पित राष्ट्रीय थार नाट्य समारोह के अंतर्गत गुरूवार शाम 6:30 बजे आशीर्वाद रंग मंड़ल, बेगूसराय (बिहार) की ओर से मृणाल माथुर द्वारा लिखित नाटक “पश्मीना” का सफल मंचन किया गया, जिसका निर्देशन देश के प्रसिद्ध रंगकर्मी डॉ. अमित रोशन ने किया।
नाटक पश्मीना एक ऐसे दम्पति की कहानी है जो एक ऐसे दुख से गुज़र रहे हैं जिसका कोई हल नहीं है और यह दुःख है अपनी इकलौती संतान की असमय हुई मृत्यु। इसमे ‘पश्मीना शॉल’ एक प्रतीक के रूप मे प्रयोग हुआ है, पश्मीना शॉल विभा और अमर सक्सेना और दर साहब को प्रतीकात्मक रूप से एक बड़े दुःख से निकालने का काम करती है और एक दूसरे को सांत्वना भी देती है। पश्मीना कश्मीर के कई अन्य पहलुओं को भी छूता है। जिसमें हिंदू-मुस्लिम माता-पिता का समावेश, कथ्य को और भी रोचक बनाता है।
नाटक में अमर सक्सैना की भूमिका में सचिन कुमार, विभा की भूमिका में रिंटू कुमारी, रविन्द्र ढिल्लो की भूमिका में मोहित मोहन और स्वीटी ढिल्लो की भूमिका में रितु कुमारी, दुकानदार की भूमिका में अरूण कुमार, बेटे की भूमिका में शुभम कुमार, डॉ अमित कौल बने सचिन कुमार व वेटर की भूमिका में बिट्टू कुमार थे। नाटक में प्रकाश व्यवस्था वरूण कर, संगीत प्रभाव मृणाल गौतम एवं रूप सज्जा रिमझिम कुमारी, सेट डिज़ाइन सीताराम, मंच सामग्री व्यवस्था रिषभ कुमार की थी।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ओमप्रकाश आर्य, विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ रंगकर्मी दयानंद शर्मा, तरूण गौड़ व रवि माथुर द्वारा निर्देशक व सभी कलाकारों का पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया। समन्वयक विपिन पुरोहित के अनुसार, चौथे 30 जनवरी को कानपुर के रंसरंग फ़ाउंडेशन की संगीतमय नाट्य प्रस्तुति चंदा बेड़नी का मंचन नीरज कुशवाह के निर्देशन में होगा।


