






बीकानेर Abhayindia.com सिस्टर निवेदिता कन्या महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारम्भ बुधवार को हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. रीतेश व्यास ने की। इस विशेष शिविर का आयोजन महाविद्यालय द्वारा गोद ली गई नायकों की बस्ती में किया जाएगा। जिसका मुख्य विषय स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवन, नशा मुक्ति, साइबर सुरक्षा, विरासत संरक्षण तथा महिला सशक्तिकरण रहेगा।
उद्घाटन अवसर पर डॉ. रीतेश व्यास ने स्वयंसेविकाओं के समक्ष राष्ट्रीय सेवा योजना के महत्व को उजागर करते हुए, विद्यार्थियों को राष्ट्र सेवा से जुड़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ रहने का पहला कदम स्वच्छता है। इसे अपनी आदत बनावें और दूसरों को प्रेरित करें। उन्होंने बीकानेर शहर की विरासत के बारे में सभी को अवगत कराया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. श्यामा पुरोहित ने नशा मुक्ति, साइबर सुरक्षा एवं महिला सशक्तिकरण जैसे ज्वलंत विषयों पर चर्चा करते हुए स्वयंसेविकाओं को आहवान किया कि समाज सेवा में अपना योगदान देने का जो सुअवसर आप सबको मिला है उसका सदुपयोग करें।
शिविर के दूसरे दिन महाविद्यालय परिसर में श्रमदान करते हुए स्वयं सेविकाओं द्वारा आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता का सन्देश दिया गया। डॉ श्यामा पुरोहित ने बताया कि स्वच्छ जीवन ही स्वस्थ जीवन का आधार है। इसी तर्ज पर स्वयंसेविकाओं को हाइजीन एवं स्वस्थ जीवन शैली प्रेरणा दी गईl कार्यक्रम में डॉ राकेश किराडू, बिशनाराम गोदारा, सुषमा व्यास, अजय सेवग, आशीष पुरोहित, सरोद देवी उपस्थित रहे।


