








बीकानेर Abhayindia.com ब.ज.सि. रामपुरिया जैन विधि महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना की दोनों इकाईयों एवं डॉ. बी. लाल क्लिनिकल लैबोरेटरी के संयुक्त तत्वावधान में एक स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें महाविद्यालय के विद्यार्थियों, रासेयो स्वयंसेवकों तथा महाविद्यालय के समस्त कर्मचारियों के स्वास्थ्य जांच की गई।
रासेयो प्रभारी डॉ. रीतेश व्यास ने बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना की दोनों इकाईयों के द्वारा आयोजित इस शिविर में सभी व्यक्तियों की रक्तचाप जांच, ब्लड शुगर जांच तथा वजन जांच निःशुल्क की गई इसके अलावा विभिन्न प्रकार की अन्य जांचों के लिए डॉ. बी. लाल क्लिनिकल लैबोरेटरी के द्वारा महाविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर में विशेष छूट का प्रावधान किया गया था।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनन्त जोशी ने सभी स्वयंसेवकों तथा विद्यार्थियों को कहा कि पहला सुख निरोगी काया है अतः सभी व्यक्तियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना चाहिए क्योंकि शरीर स्वस्थ होने पर ही व्यक्ति अपनी दिनचर्या को सही तरीके से कर सकता है। युवावस्था से ही अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होकर रहना प्रत्येक व्यक्ति के लिए आवश्यक है, ताकि वह अपने परिवार और समाज में भी लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक कर पायेगा। विधि विद्यार्थी तथा स्वयंसेवक होने के नाते हमारा यह दायित्व है कि हमें समाज में शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अपने विधिक अधिकारों के बारे में जागरूक करना चाहिए और समाज को प्रेरित करना चाहिए।
बी. लाल क्लिनिकल लैबोरेटरी की ओर से आयोजित इस स्वास्थ्य जांच शिविर में लैबोरेटरी की तरफ से इरफान पठान, अब्दुल रहमान ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए सभी व्यक्तियों के ब्लड सेंपल एकत्रित किए तथा अन्य प्रकार की जांचों का किया तथा जांचों की रिपोर्ट्स के आधार पर लैबोरेटरी की तरफ से विशेषज्ञ सलाह के लिए आमंत्रित किया। इस अवसर पर रासेयो प्रभारी डॉ. रीतेष व्यास, रासेयो कार्यक्रम अधिकारी डॉ. बालमुकुन्द व्यास, डॉ. शराफत अली, डॉ. प्रीति कोचर, डॉ. पीयूष किराडू, सुनीता लूणिया, अंजुमन उस्ता, चेतना ओझा, राजश्री सुथार, मोहिता सिंह, राकेश रंगा, पवन सारस्वत तथा महाविद्यालय के विद्यार्थी, रासेयो स्वयंसेवक उपस्थित थे।


