






बीकानेर Abhayindia.com कौशल विकास और उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं शिक्षा राज्य मंत्री ने दिल्ली के जोधपुर हाउस में बुधवार को राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राजस्थान के मूंग और मूंगफली किसानों द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर अपनी फसल बेंचने में आ रही समस्याओं से अवगत कराया।
ज्ञात रहे कि पिछले दिनों बीकानेर से किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी से मिला था तथा गिरदावरी रिपोर्ट तथा मंडी मे टोकन बंटवारे में आनियमितता और पुस्तैनी भूमि के नामांतरण के सही दर्ज न होने के कारण किसानों को मंडी में अपनी फसल-उपज बेचने में आ रही समस्याओं से अवगत कराया था। इन समस्याओं के कारण किसानों को अपनी मूंगफली उपज को न्यूनतम समर्थन मूल्य रू. 7263 प्रति क्विंटल के बजाए लगभग रू. 4000 से 5000 के बीच बेचना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि वे इस मामले की समुचित जांच कराकर उचित कार्यवाही करेंगे। इसके अलावा कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्री ने भरतपुर में राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान तथा स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर खोलने तथा भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना आईटीआई अपग्रेडेशन स्कीम के सुचारू क्रियान्वयन बारे में भी चर्चा की।


