








बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर में पुलिस तस्करों का नेटवर्क भेदने के लिए उनके पीछे पड़ गई है। लगातार हो रही कार्यवाही से तस्करों में भी हड़कंप सा मच गया है। इस क्रम में मुखबिर की सूचना पर दंतौर पुलिस द्वारा नाकाबंदी क गई लेकिन तस्कर ने पुलिस की नाकाबंदी तोड़ कर डोडा पोस्त सहित कार को आग के हवाले कर दिया। हालांकि, बाद में ग्रामीणों और पुलिस ने तस्कर का पीछा कर उसे दबोच लिया।
पुलिस उपअधीक्षक अमरजीत चावला ने बताया कि मुखबिर की सूचना मिलने पर तस्कर को पकडऩे के लिए दंतौर पुलिस द्वारा नाकाबंदी की गई। तस्कर ने पुलिस की नाकाबंदी तोड़ कर कार को भगा लिया। पुलिस ने तस्कर की कार का पीछा किया तो तस्कर ने 14 पीबी में कार को आग के हवाले कर दिया। कार में भारी मात्रा में डोडा पोस्त था जो जलकर राख हो गया। सियासर के पास तस्कर ने भागने का प्रयास किया और किसान के खेत में खड़े टे्रटर को स्टार्ट कर भगाने का प्रयास भी किया लेकिन ग्रामीणों और पुलिस की तत्परता से तस्कर श्याम उर्फ श्याम सुंदर बिश्नोई पुत्र सोनाराम उम्र 26 वर्ष निवासी लक्ष्मण नगर चाडी पुलिस थाना भोजासर जिला फलोदी को दबोच लिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड है। इसके खिलाफ धारा 8/15, 25, 29 एनडीपीएस एक्ट पुलिस थाना अनूपगढ़ जिला श्रीगंगानगर में तथा दूसरा प्रकरण धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट पुलिस थाना दंतोर जिला बीकानेर में दर्ज है। श्यामलाल को दबोचने के बाद पुलिस द्वारा एफएसएल की टीम को मौके पर बुलाया गया। पूरे प्रकरण की जांच दंतौर पुलिस द्वारा की जा रही है। कार्रवाई के दौरान पुलिस उपअधीक्षक अमरजीत चावला, थानाधिकारी खाजूवाला सुरेन्द्र प्रजापत तथा दंतौर थानाधिकारी जेठाराम मय स्टाफ मौके पर रहे।


